बैंकर से आम आदमी पार्टी की नेता बनीं मीरा सान्याल का बीमारी के चलते निधन
सफल बैंकर से नेता बनीं Meera Sanyal (57) का शुक्रवार को निधन हो गया।
नई दिल्ली, प्रेट्र। सफल बैंकर से नेता बनीं मीरा सान्याल (57) का शुक्रवार को निधन हो गया। वह कुछ समय से बीमार थीं। बताया जाता है कि उन्हें कैंसर था। रॉयल बैंक ऑफ स्कॉटलैंड की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) रहीं सान्याल नौकरी छोड़ने के बाद आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई थीं। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने मुंबई दक्षिण सीट से चुनाव भी लड़ा था, लेकिन हार गई थीं।
आप नेता और दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए ट्वीट किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा, 'देश ने एक अहम आर्थिक मामलों की जानकारी रखने वाली महिला और एक अच्छे इंसान को खो दिया है। आप हमारे दिल में हमेशा रहेंगी।'
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने ट्वीट में कहा, 'यह सुनकर बहुत दुख हुआ। मेरे पास दुख व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं है।' सान्याल का जन्म केरल के कोच्चि शहर में हुआ था। बता दें कि राजनीति में शामिल होने से पहले अपने 30 साल के बैंकिंग करियर में सान्याल एबीएन एमरो की सीईओ और कारपोरेट फाइनेंस की प्रमुख भी रही थीं।