Amit Shah Coronavirus Positive: अमित शाह हुए कोरोना संक्रमित, केजरीवाल ने जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की
Amit Shah Coronavirus Positive अमित शाह के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने प्रार्थना की है कि वो जल्द स्वस्थ हो जाएं।
नई दिल्ली, एएनआइ। Amit Shah Coronavirus Positive: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कोरोना संक्रमित हो गए हैं। शाह के संक्रमित होने के बाद सियासी गलियारों से जुड़े शुभचिंतक उनके जल्द ही स्वस्थ होने की कामना कर रहे हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, सीएम योगी और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत कई बड़े नेताओं ने जल्द स्वस्थ हो जाने की कामना की है। अमित शाह के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने ट्विटर पर लिखा कि मैं भगवान से प्रार्थना करता हूं कि केंद्रीय गृह मंत्री जल्द ही स्वस्थ हो जाएं। वहीं, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वास्थ्य की चिंता को लेकर ट्वीटर पर लिखा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमति शाह जी के कोरोना संक्रमित होने का समाचार प्राप्त हुआ। अमित शाह जी दृढ़ इच्छाशक्ति के प्रतिमान हैं। आपकी जिजीविषा, धैर्य एवं आत्मबल से कोरोना वायरस शीघ्र ही पराजित होगा। प्रभु श्री राम से आपके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ हेतु प्रार्थना करता हूं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ट्वीटर पर लिखा कि अमित जी, हर चुनौती के सामने आपकी दृढ़ता और इच्छाशक्ति एक मिसाल रही है। कोरोना वायरस की इस बड़ी चुनौती पर भी आप निश्चित रूप से विजय प्राप्त करेंगे, ऐसा मेरा विश्वास है। आप जल्द से जल्द स्वस्थ हों, यही मेरी ईश्वर से प्रार्थना है।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की स्वास्थ्य लाभ की पार्थना
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने भी शाह के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। उन्होंने कहा कि मैं ईश्वर से उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूं। केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद ने स्वास्थ्य को लेकर कहा कि अमित शाह जी आप शीघ्र ही स्वस्थ हो कर पुनः उसी ऊर्जा के साथ देश सेवा में लगें ऐसी ईश्वर से प्रार्थना है। इसके साथ ही भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने ट्विटर पर लिखा कि ईश्वर आप को स्वास्थ्य वरदान प्रदान करेंगे आप यथाशीघ्र पुन: राष्ट्रसेवा वें व्यस्त होंगे। महादेव के चरणों में मेरी ऐसी प्रार्थना है।
गृह मंत्री अमित शाह के कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने उनके जल्द स्वस्थ हो जाने की कामना की है।
मायावती ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना
उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने भी गृह मंत्री अमित शाह के जल्द स्वस्थ हो जाने की कामना की है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा कि केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह की सूचना के अनुसार वे कोरोना से पीड़ित हो गए हैं और डाक्टरों की सलाह पर अस्पताल में हैं। कुदरत से प्रार्थना है कि वे शीघ्र स्वस्थ हो जाएं और कोरोना की रोकथाम में पहले की तरह देश को नेतृत्व प्रदान करें।
गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी ने अमित शाह के स्वास्थ्य को लेकर ट्विटर पर लिखा कि गृह मंत्री की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। ईश्वर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।
केंद्रीय मंत्री मंत्री पियूष गोयल ने कहा, आप शीघ्र होंगे स्वस्थ
अमित शाह के स्वास्थ्य को लेकर केंद्रीय रेलवे मंत्री पियूष गोयल ने ट्वीटर पर लिखा कि अमित शाह ने अपने नेतृत्व व मार्गदर्शन से कोरोना के खिलाफ लड़ाई को नई दिशा दी है। मुझे पूर्ण विश्वास है कि आप शीघ्र ही पूर्ण स्वस्थ होंगे। आपकी दूरदर्शी सोच व संचालन का लाभ देश को मिलता रहेगा। ईश्वर से आपके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूँ।
भाजपा गुजरात के प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सीआर पाटिल ने अमित शाह के स्वास्थ्य की चिंता करते हुए ट्विटर पर लिखा कि आप जल्द ही स्वस्थ हो जाएं। भगवान से ऐसी कामना करता हूं। भाजपा के पूर्व सांसद और एक्टर परेश रावल ने भी अमित शाह के जल्दी ही स्वस्थ होने के कामना की है।
शिवराज चौहान ने की जल्द स्वस्थ होने की कामना
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर कहा कि अमित शाह जी ईश्वर आपको शीघ्र पूर्णत: स्वस्थ करें और पूरी ऊर्जा के साथ देश सेवा में जुट जाएं। हम सबकी शुभकामनाएं आपके साथ हैं। दिल्ली भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने भी जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना की है।
गौरतलब है कि अयोध्या में पांच अगस्त को राम मंदिर भूमि पूजन का कार्यक्रम है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ गृह मंत्री अमित शाह को भी इस कार्यक्रम में शिरकत करनी थी, लेकिन आज उनके कोरोना पॉजिटिव होने के बाद अब वह इस कार्यक्रम में शिरकत नहीं करेंगे।