नकवी बोले- सीएए पर रुख साफ कांग्रेस, पाक समेत अन्य देशों से सताए अल्पसंख्यकों के साथ क्या है दुश्मनी
नकवी ने पूछा कि पाकिस्तान बांग्लादेश और अफगानिस्तान के सताए गए अल्पसंख्यकों के साथ आखिर कांग्रेस की क्या दुश्मनी है। कांग्रेस इन लोगों को नागरिकता दिए जाने का विरोध क्यों करती है। नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) पर अपना रुख स्पष्ट करे कांंग्रेस।
नई दिल्ली, एएनआइ। अल्पसंख्यक मामलों के केंद्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने सोमवार को कांग्रेस को चुनौती देते हुए नागरिकता संशोधन अधिनियम (सीएए) पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है।
राहुल की उन टिप्पणियों जिनमें सीएए लागू नहीं करने की बात कही गई है, पर नकवी ने पूछा कि पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान के सताए गए अल्पसंख्यकों के साथ आखिर कांग्रेस की क्या दुश्मनी है। कांग्रेस इन लोगों को नागरिकता दिए जाने का विरोध क्यों करती है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस जो खुद को बदल भी नहीं सकती, वह दावा कर रही है कि वह देश के सभी कानूनों को बदल देगी। नकवी ने राहुल गांधी पर चोट करते हुए कहा कि राजनीति का यह खिलाड़ी हर चीज को नकारता और खारिज करता है। नकवी ने कहा कि मोदी सरकार देश की भलाई के लिए काम करती है। ये बात राहुल को पसंद नहीं है। इसीलिए वे हर बात को नकारते और खारिज करते हैं।
उन्होंने राहुल को वास्तविक मुद्रास्फीति और बेरोजगारी को समझने के लिए मनमोहन सिंह के कार्यकाल को याद करने के लिए कहा। उल्लेखनीय है राहुल ने रविवार को असम में बेरोजगारी के मुद्दे पर केंद्र सरकार पर तीखा हमला किया।