Namaste Trump: ट्रंप के स्वागत के लिए लगेंगे ट्यूलिप के पौधे, रंग-बिरंगे फूलों से सजेगी दिल्ली
Namaste Trump स्वागत के लिए फूलों के बोर्ड लगाएंगे। 15 हजार से अधिक ट्यूलिप और कई रंगों वाले संकर डहेलिया की व्यवस्था की गई है।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। Namaste Trump, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अन्य गणमान्य लोगों के स्वागत के लिए लुटियंस दिल्ली के प्रमुख स्थानों को रंग-बिरंगे फूलों से सजाया जाएगा। इसमें संकर डहेलिया और ट्यूलिप के पौधे खास होंगे।नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के एक अधिकारी के अनुसार प्रमुख चौराहों समेत विभिन्न प्रमुख स्थानों को भी फूलों से सुंदर बनाया जाएगा। स्वागत के लिए फूलों के बोर्ड लगाएंगे। इसके लिए मौसमी पौधों के अलावा 15 हजार से अधिक ट्यूलिप और कई रंगों वाले संकर डहेलिया की व्यवस्था की है, जिन्हें हैदराबाद हाउस में भी लगाया जाएगा।
राष्ट्रपति ट्रंप के साथ उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप के अलावा उनकी बेटी इवांका ट्रंप भी आ रही हैं। ये दोनों पहली बार राष्ट्रपति के राजकीय दौरे में एक साथ शामिल हो रही हैं। यह भी पहली बार होगा कि कोई अमेरिकी राष्ट्रपति दक्षिण एशिया से किसी एक देश की यात्रा कर लौट जाए।
मेलानिया का पहला दौरा, 2017 में आ चुकी हैं इवांका
अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप का यह पहला भारत दौरा होगा जबकि इवांका ट्रंप पहले भारत की आधिकारिक यात्रा (वर्ष 2017) कर चुकी हैं। इवांका और मेलानिया के एक साथ राजकीय दल में शामिल होने को लेकर सिर्फ भारत में ही नहीं बल्कि अमेरिकी मीडिया में भी खासी दिलचस्पीहोगी, क्योंकि इन दोनों के बीच तनाव की खबरें हमेशा अमेरिकी समाचार पत्रों की सुर्खियों में होती हैं। राष्ट्रपति ट्रंप के भारत दौरे की अंतिम तैयारी अभी चल ही रही है, लेकिन जो बातें सामने आ रही हैं उसके मुताबिक ट्रंप परिवार एक साथ आगरा ताजमहल का दौरा करेगा। कहने की जरूरत नहीं कि ताजमहल के सामने ट्रंप परिवार का एक ‘परफेक्ट फैमिली पोज’ भी होगा।
मोदी को अच्छा मित्र बताते हैं
हालांकि, ट्रंप यात्रा को लेकर उत्साह तो दिखा रहे है। लेकिन वह बार-बार व्यापार के मामले में भारत की ओर से पूरा सहयोग न मिलने की बातें भी कर रहे हैं और यह बताने से भी नहीं चूक रहे कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ उनके रिश्ते बहुत अच्छे हैं। भारत में उनके स्वागत के लिए आने वाली भीड़ की संख्या भी वह बार-बार बता रहे हैं। जाहिर है कि उनकी उत्सुकता बहुत ज्यादा है।