नड्डा ने सीएए विरोधी धरने को लेकर कहा- बाग-बाग की राजनीति कर रही आप व कांग्रेस
नड्डा ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने लोगों से सिर्फ झूठ बोला है और फरेब किया है लेकिन केंद्र सरकार ने लगातार दिल्ली की बेहतरी के लिए कार्य किया।
जागरण संवाददाता, नई दिल्ली। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने शाहीन बाग में चल रहे सीएए विरोधी धरने के लिए विपक्ष को आड़े हाथ लिया। कहा कि आम आदमी पार्टी और कांग्रेस बाग-बाग की राजनीति कर रहे हैं। महात्मा गांधी से लेकर नेहरू और मनमोहन सिंह तक ने वकालत की थी कि पाकिस्तान में जिनके साथ अमानवीय अत्याचार हो रहा है, उन्हें भारत की नागरिकता दी जाए, लेकिन दोनों पार्टियां वोट बैंक की राजनीति में लगी हैं और घडि़याली आंसू बहा रही हैं।
भाजपा अध्यक्ष ने आम आदमी पार्टी पर साधा निशाना
भाजपा अध्यक्ष ने पांडव नगर और आनंद विहार में तीन जगहों पर नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया। उन्होंने आम आदमी पार्टी और कांग्रेस पर निशाना साधा। कहा कि जगह-जगह अच्छे बीते पांच साल के बोर्ड लगे हैं जबकि केजरीवाल साढ़े चार सालों तक यही कहते रहे कि मोदी सरकार काम नहीं करने दे रही है। जब काम नहीं करने दे रही है तो फिर किसके अच्छे बीते पांच साल।
मोदी सरकार ने दिल्ली की बेहतरी के लिए किया कार्य
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी ने लोगों से सिर्फ झूठ बोला है और फरेब किया है, लेकिन केंद्र सरकार ने लगातार दिल्ली की बेहतरी के लिए कार्य किया। इसके तहत मेरठ एक्सप्रेस वे लेकर ईस्टर्न पेरिफेरल वे सहित 55 हजार करोड़ रुपये से अधिक की परियोजनाएं दीं।
जहां झुग्गी वहीं मकान योजना
जहां झुग्गी वहीं मकान योजना के तहत लोगों को मकान दिए जा रहे हैं। 40 लाख लोग वर्षों से बिना मालिकाना हक के थे उन्हें एक दिन में घर का मालिक बना दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासनकाल में ऐसे-ऐसे कार्य हुए हैं जिनके बारे में कोई सोच नहीं सकता था। 500 साल पुराना राम मंदिर विवाद खत्म हुआ। एक साथ तीन तलाक कानून को खत्म कर मुस्लिम महिलाओं को वास्तविक आजादी दी। जम्मू-कश्मीर में 70 सालों से जो अव्यवस्था व अराजकता थी उसे एक झटके में खत्म कर दिया।