Rammandir Bhumi Pujan: राम मंदिर शिलान्यास पर कांग्रेस ने मनाया जश्न, दफ्तर जगमगाया
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर राम दरबार सजाया गया। अध्यक्ष कमल नाथ ने राम दरबार के सामने दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। श्रीराम मंदिर निर्माण के लिए अयोध्या में हुए भूमिपूजन पर कांग्रेस में भी खुशी की लहर देखी गई। जहां मध्य प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में रोशनी की गई और राम दरबार सजाकर आरती की गई वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ के सरकारी आवास पर भी विद्युत साज सज्जा की गई।
भोपाल में कांग्रेस कार्यालय के सामने आतिशबाजी की गई, बैंड बजे
अयोध्या में श्रीराम मंदिर निर्माण का शिलान्यास होने के बाद शाम को कांग्रेस कार्यालय में भी जश्न मनाया गया। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के मुख्य प्रवेश द्वार पर राम दरबार सजाया गया। अध्यक्ष कमल नाथ ने राम दरबार के सामने दीप प्रज्वलित कर दीपोत्सव का शुभारंभ किया। आतिशबाजी की गई और बैंडबाजों ने भजनों की प्रस्तुति दी। जय श्रीराम के नारे लगाकर खुशी का इजहार किया गया। कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व विस स्पीकर नर्मदा प्रसाद प्रजापति, पूर्व मंत्री गण सज्जन सिंह वर्मा, डॉ. विजयलक्ष्मी साधौ, चंद्रप्रभाष शेखर के अलावा कई नेता मौजूद थे।
खुशी का क्षण है : कमल नाथ
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में कार्यक्रम के बाद कमल नाथ ने कहा कि राममंदिर का ताला राजीव गांधी ने 1985 में खोला था और यह भावना उस समय से ही जुड़ी है। उन्होंने ही कहा था कि रामराज्य लाऊंगा, राम मंदिर बनना चाहिए। इसलिए आज इसका कोई श्रेय लेने की कोशिश करें तो यह गलत है। कमल नाथ ने कहा कि यह कार्यक्रम विश्व का कार्यक्रम होता, अगर इसमें हमारे विविधता वाले इस देश के हर राज्य के मुख्यमंत्री, हर जाति-धर्म के लोगों को शामिल किया जाता। उन्होंने यह भी कहा कि इस आयोजन को सीमित किया गया क्योंकि कोरोना महामारी फैली है, वरना 100-150 लोगों को और बुलाया जा सकता था।