MP By Elections Date: 26 सीटों पर सितंबर के अंत तक हो सकते हैं उपचुनाव, मुख्य चुनाव आयुक्त ने दिए संकेत
MP By Elections Date कोरोना महामारी के चलते देशभर में विधानसभा चुनाव और उपचुनाव टलने की आशंकाओं को मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने सिरे से खारिज किया है।
भोपाल, राज्य ब्यूरो। MP By Elections Date: मध्य प्रदेश की 26 विधानसभा सीटों पर सितंबर अंत तक उपचुनाव कराए जाएंगे। देश के मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने सोमवार को एक निजी कार्यक्रम में इसके स्पष्ट संकेत दिए हैं। इधर, राज्य का मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय पहले से उपचुनाव की तैयारी में जुटा है। अधिकारियों का कहना है कि उपचुनाव की विधिवत घोषणा होते ही कार्यालय आगे की कार्यवाही शुरू कर देगा। चुनाव आयोग अगले माह उपचुनाव की विधिवत घोषणा कर सकता है।
आगे नहीं बढ़ेंगे चुनाव
कोरोना महामारी के चलते देशभर में विधानसभा चुनाव और उपचुनाव टलने की आशंकाओं को मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा ने सिरे से खारिज किया है। उन्होंने साफ कहा है कि ऐसी परिस्थितियों में भी चुनाव समय से होंगे। यदि कोरोना संक्रमण की स्थिति बिगड़ती है, तो संबंधित एक-दो सीट को लेकर कोई निर्णय लिया जा सकता है, पर चुनाव आगे नहीं बढ़ेंगे।
अरोड़ा के इस बयान से मध्य प्रदेश की 26 सीटों पर होने वाले उपचुनाव की स्थिति साफ हो गई है। इस घोषणा के बाद उपचुनाव को लेकर शासन और राजनीतिक दलों की गतिविधियां बढ़ जाएंगी। भोपाल में उप-मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अरुण तोमर का कहना है कि उपचुनाव से संबंधित हमारी पूरी तैयारी है। आयोग जब कहेगा, तब चुनाव करा सकते हैं।
सिंधिया के समर्थन में 22 विधायकों ने दिए इस्तीफे
मध्य प्रदेश में नवंबर 2018 में विधानसभा चुनाव हुए थे। मार्च 2020 में राजनीतिक कारणों से 22 कांग्रेस विधायकों ने राज्यसभा सदस्य ज्योतिरादित्य सिंधिया के समर्थन में विधायकी से इस्तीफा दे दिया। इस कारण कमल नाथ सरकार गिर गई और भाजपा ने सरकार बनाई। दो सीटें विधायकों के निधन के कारण पहले से खाली हैं, तो दो सीट हाल ही में कांग्रेस के मलहरा से विधायक प्रद्युम्न सिंह लोधी और नेपानगर से विधायक सुमित्रा कास्डेकर के विधायकी छोड़ने के कारण खाली हुई हैं। दोनों ने कांग्रेस का दामन भी छोड़ दिया है और भाजपा में शामिल हो गए हैं। इस तरह कुल 26 सीटों पर अहम उपचुनाव होंगे।