भागवत का इमरान पर करारा वार, बोले- अपनी नाकामियां छुपाने के लिए संघ को कोस रहे
संघ प्रमुख मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान पर निशाना साधते हुए कहा कि वे अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए संघ को कोस रहे हैं।
नागपुर, एजेंसियां। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) प्रमुख मोहन भागवत (Mohan Bhagwat) ने मंगलवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान पर निशाना साधते हुए कहा कि अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए संघ को कोसा जा रहा है। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री ने भी यही सीख लिया है। यही नहीं उन्होंने जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 हटाने के लिए मोदी सरकार की तारीफ करते हुए कहा कि सरकार में जन भावनाओं का सम्मान करने का साहस है।
संघ प्रमुख ने इमरान खान पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि कुछ लोग चाहते हैं कि राष्ट्र तरक्की न करे। उन्हें भारत की कामयाबी भी रास नहीं आ रही है। ऐसे लोगों की ओर से कहा गया गया कि संघ की स्थापना हिटलर द्वारा प्रतिपादित सिद्धांतों पर की गई थी। वे लोग संघ के बारे में बिना जानकारी के कुप्रचार करते हैं। इमरान खान भी यह बात सीख गए हैं। यह उनकी कुटिल मानसिकता को दर्शाता है।
संघ प्रमुख ने कहा कि भारत को बढ़ता देख कुछ लोगों में खौफ पैदा हो रहा है। ऐसी शक्तियां भारत को शक्ति से संपन्न नहीं होने देना चाहती हैं। हमारी सीमाओं पर सुरक्षा सतर्कता पहले से बेहतर हुई है। देश में आतंकी हमलों में कमी आई है। यही नहीं उग्रवादियों के आत्मसमर्पण की संख्या भी बढ़ी है। हमारी सेना की तैयारी, हमारे शासन की सुरक्षा नीति तथा हमारे अंतरराष्ट्रीय राजनीति में कुशलता की स्थिति बेहतर हुई है।
बता दें कि संयुक्त राष्ट्र महासभा में दिए अपने भाषण में इमरान खान ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर बेतुका और बेबुनियाद आरोप लगाया था कि उसकी स्थापना हिटलर के सिद्धांतों पर की गई थी। इमरान खान ने तब इस वैश्विक मंच का दुरुपयोग करते हुए भारत के खिलाफ युद्ध की धमकी दी थी। उन्होंने कहा था कि RSS मुसलमानों की दुश्मन वाली पार्टी है। यदि किसी को यकीन नहीं हो तो वो गूगल पर जाकर RSS सर्च करके इसके बारे में और जान सकता है।