महाराष्ट्र विधानसभा को चार साल बाद मिलेगा उपाध्यक्ष, इस पद के लिए 30 को मतदान
अक्टूबर 2014 में नई विधानसभा के गठन के बाद से इसकी 15 बैठकें हो चुकी हैं। मौजूदा शीत सत्र इसकी 16वीं बैठक है।
By Bhupendra SinghEdited By: Published: Wed, 28 Nov 2018 07:06 PM (IST)Updated: Wed, 28 Nov 2018 07:06 PM (IST)
मुंबई, प्रेट्र। महाराष्ट्र विधानसभा को चार साल के अंतराल के बाद उपाध्यक्ष मिलने जा रहा है। विधानसभा अध्यक्ष हरिभाऊ बागडे ने बताया कि इस पद के लिए 30 नवंबर को मतदान कराया जाएगा। 13वीं विधानसभा को महाराष्ट्र के इतिहास में इस बात के लिए याद रखा जाएगा कि इसमें सबसे लंबे समय तक यह संवैधानिक पद खाली रहा।
इससे पिछली विधानसभा में कांग्रेस के वसंत पुरके इसके उपाध्यक्ष थे, लेकिन, देवेंद्र फड़नवीस के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनने के बाद से इस पद के लिए मतदान नहीं कराया गया था।
चुनाव कार्यक्रम का एलान करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि बुधवार को इसके लिए नामांकन और गुरुवार को नामांकन पत्र की जांच की जाएगी। जरूरत पड़ने पर शुक्रवार को मतदान कराया जाएगा।
अक्टूबर 2014 में नई विधानसभा के गठन के बाद से इसकी 15 बैठकें हो चुकी हैं। मौजूदा शीत सत्र इसकी 16वीं बैठक है। 288 सदस्यों की विधानसभा में 122 विधायकों के साथ भाजपा सबसे बड़ी पार्टी है।
Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें