मध्य प्रदेश में लापता बच्चों के सिलसिले में एक्शन में राज्य सरकार, CM शिवराज सिंह चौहान ने ली बैठक
मध्य प्रदेश में लापता बच्चों के सिलसिले में CM शिवराज सिंह चौहान ने आज गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान इन बच्चों के लापता होने के बारे में बातचीत की गई है। जानें इस बैठक में हुई जरुरी बातें।
भोपाल, एएनआइ। मध्य प्रदेश में लापता बच्चों के संदर्भ में मेुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा और अन्य अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान प्रदेश से लापता हुए बच्चों के बारे में जानकारी ली गई और इस समस्या का समाधान निकालने के लिए कार्रवाई को लेकर बातचीत हुई।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2016 में इस मामले में प्रदेश ने देश के सारे राज्यों को पीछे छोड़ दिया। इस साल सबसे ज्यादा बच्चे मध्यप्रदेश से गायब हुए। इनमें भी लड़कियों की संख्या बताई गई है। लोकसभा में गृह मंत्रालय की ओर से पेश किए गए जवाब में चौंकाने वाले आंकड़े सामने आए हैं। इन आंकड़ों में देश में सबसे बुरी स्थितियों में मध्य प्रदेश है।
सहयोगी अखबार नई दुनिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, लोकसभा में पेश किए गए आंकड़ों में बताया गया है कि वर्ष 2014 में मध्यप्रदेश से कुल 6689 बच्चे गायब हुए थे, इनमें से 4 हजार लड़कियां थीं। गुम हुए बच्चों में 4569 बच्चों का पता नहीं लगाया जा का था। इसके अगले साल प्रदेश में गायब होने वाले बच्चों की संख्या बढ़कर 7919 हो गई। लड़कियों के गायब होने का आंकड़ा भी 4 हजार से बढ़कर 5590 पर जा पहुंचा। इस साल भी प्रदेश में 3565 बच्चों की कोई खोज खबर नहीं की जा सकी। इसके अगले साल भी प्रदेश से 8503 बच्चे मिसिंग श्रेणी में दर्ज हुए, इनमें से 3871 बच्चों को नहीं खोजा जा सका।