Madhya Pradesh: सुरखी विधानसभा सीट से भाजपा की पूर्व विधायक पारुल साहू ने थामा कांग्रेस का हाथ
सुरखी विधानसभा सीट से भाजपा की पूर्व विधायक पारुल साहू (Parul Sahu) प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गईं।
भोपाल, पीटीआइ। मध्य प्रदेश में होने वाले विधानसभा की 27 सीटों के उपचुनाव से पहले असंतुष्ट नेताओं द्वारा दल बदल करने का सिलसिला जारी है। इसी सियासी उठापटक के बीच शुक्रवार को भाजपा की पूर्व विधायक पारुल साहू (Parul Sahu) प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ की मौजूदगी में कांग्रेस में शामिल हो गईं। कमलनाथ ने कांग्रेस में साहू का स्वागत करते हुए कहा कि मैं खुश हूं कि साहू ने सूबे के मौजूदा हालात को देखते हुए कांग्रेस में शामिल होने का सही फैसला लिया।
इसके साथ ही कमलनाथ ने सत्तारूढ़ भाजपा पर झूठी घोषणाएं करके सूबे की जनता को गुमराह करने का भी आरोप लगाया। कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री की घोषणाओं पर तंज करते हुए कहा कि शिवराज सिंह चौहान अपनी जेब में हमेशा एक नारियल रखते हैं और जहां भी मौका मिलता है, वह घोषणा करते हुए इस नारियल तोड़ देते हैं। कांग्रेस की सरकार गिराने के बाद भाजपा की सत्ता में वापसी का जिक्र करते हुए कमलनाथ ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेश को बदनाम किया है।
कमलनाथ ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने संविधान और लोकतंत्र के साथ खिलवाड़ किया है। डॉ. आंबेडकर (Dr Babasaheb Ambedkar) ने भी नहीं सोचा होगा कि मध्यप्रदेश में इस तरह की अनैतिक घटना होगी। अब सूबे के लोग आगामी उप चुनावों में इस मसले पर अपना फैसला देंगे। यह उप चुनाव प्रदेश का भविष्य तय करेगा। वहीं सागर जिले की सुरखी विधानसभा सीट से 2013 में भाजपा की विधायक बनी पारुल साहू ने कहा कि कांग्रेस में शामिल होने के साथ ही उन्होंने घर वापसी की है।