Madhya Pradesh By-Elections : प्रत्याशियों की घोषणा के बाद अब मैदानी दौरों पर निकलेंगे कमल नाथ
Madhya Pradesh By-Elections सूबे में प्रत्याशियों की घोषणा के बाद कांग्रेस नेता कमल नाथ अब मैदानी दौरों पर निकलेंगे। जानें पूरा कार्यक्रम...
भोपाल, जेएनएन। निर्वाचन आयोग ने अभी तक मध्य प्रदेश में 27 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों की तारीखों का एलान नहीं किया है लेकिन भाजपा और कांग्रेस नेताओं के मैदानी दौरों की शुरुआत हो गई है। चुनावी शंखनाद के मामले में भाजपा तो कांग्रेस से आगे निकल गई है लेकिन प्रत्याशियों को तय करने में कांग्रेस ने भाजपा को पीछे छोड़ दिया है। राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस के दिग्गज नेता कमल नाथ शनिवार से चुनावी दौरों की शुरुआत करने जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमल नाथ आगर और सांवेर सीट से चुनावी शंखनाद करेंगे। कांग्रेस ने इस बार उम्मीदवारों के चयन में देरी नहीं की है। अभी तक मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और उनके मंत्री मैदानी दौरों को अंजाम देकर पार्टी के लिए माहौल बनाने में जुटे थे लेकिन कांग्रेस ने प्रत्याशियों को तय करके मैदानी तस्वीर साफ कर दी है।
वैसे तो कांग्रेस के पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा, जीतू पटवारी, डॉ. गोविंद सिंह, लाखन सिंह यादव, रामनिवास रावत सहित विधानसभा क्षेत्रों में प्रभारी, सह प्रभारी, समन्वयक, सहायक समन्वयक आदि विधानसभा क्षेत्रों में दौरे कर रहे थे। डॉ. गोविंद सिंह ने तो नदी बचाओ अभियान चलाकर पदयात्रा भी की। पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह भी इस बीच दो बार उपचुनाव वाले क्षेत्रों में घूमे लेकिन भाजपा के मुकाबले कांग्रेस नेताओं की मैदानी सक्रियता कम दिखाई दी।
मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रशासन प्रभारी महामंत्री राजीव सिंह ने बताया कि कमल नाथ शनिवार को आगर विधानसभा क्षेत्र में नलखेड़ा में बगुलामुखी माता के मंदिर में दर्शन करके दौरे की शुरुआत करेंगे। कमलनाथ वहां प्रदेश की खुशहाली के लिए पूजा-अर्चना करेंगे। इसके बाद बड़ोद में कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। रविवार को वे सांवेर विधानसभा क्षेत्र में कार्यकर्ताओं की बैठक के साथ ही एक जनसभा को भी संबोधित करेंगे।