केरल में बाढ़ से तबाही, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने किया मुआवजे का एलान
केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में भारी बारिश की आशंका जताई है।
तिरुवनंतपुरम (प्रेट्र)। केरल में बारिश और बाढ़ का कहर जारी है। राज्य में बाढ़ और भूस्खलन की वजह से अब तक 29 लोगों की जान जा चुकी है। केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं। उन्होंने राज्य की बाढ़ में मारे गए लोगों के परिवारों के लिए 4-4 लाख रुपये और अपना घर व जमीन गंवाने वालों के लिए 10-10 लाख रुपये का मुआवजा घोषित किया है। सूत्रों के अनुसार, खराब मौसम के कारण मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर इडुक्की के कट्टापाना में नहीं जा सका, जहां स्थिति की समीक्षा करने के लिए एक बैठक बुलाई गई थी। मुख्यमंत्री वायनाड के लिए रवाना हो गए हैं। यहां मुख्यमंत्री एक राहत शिविर का दौरा करेंगे और कलेक्ट्रेट में एक समीक्षा बैठक में भाग लेंगे। विजयन के साथ विपक्ष के नेता रमेश चेन्निथला, राजस्व मंत्री ई. चंद्रशेखरन, राज्य के मुख्य सचिव टॉम जोस और राज्य पुलिस प्रमुख लोकनाथ बेहरा साथ हैं।
बता दें कि केरल में 8 अगस्त से लगातार बारिश से आम लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य में बाढ़ और भूस्खलन की वजह से अब तक 29 लोगों की जान जा चुकी है, वहीं 54 हजार लोग बेघर हो गए हैं।। राज्य के ज्यादातर जिले में हर तरफ पानी ही पानी नजर आ रहा है। हजारों घर पानी में डूब गए हैं। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, सेना और नौसेना की टीमें बड़े स्तर पर रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। पानी में फंसे लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है। राहत और बचाव के काम में हेलीकॉप्टर की भी मदद ली जा रही है।
मौसम विभाग ने अगले 48 घंटों में भारी बारिश की आशंका जताई है। साथ ही वायनाड, इडुक्की, आलप्पुषा, कोट्टायम, एर्नाकुलम, पलक्कड़, मलप्पुरम और कोझिकोड जिलों में रेड अलर्ट जारी किया है। केरल भीषण बाढ़ के चलते आधे से ज्यादा डूब चुका है। सैकड़ों घर और राजमार्गो के कई हिस्से टूटकर पानी में बह गए हैं। राज्य की 40 नदियां विकराल रूप धारण किए हैं।