गैर भाजपा और गैर कांग्रेस गठबंधन के लिए निकले केसीआर
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव एक बार फिर गैर भाजपा और गैर कांग्रेसी दलों की एकजुटता के प्रयास में जुट गए हैं।
भुवनेश्वर, प्रेट्र। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव एक बार फिर गैर भाजपा और गैर कांग्रेसी दलों की एकजुटता के प्रयास में जुट गए हैं। इसी सिलसिले में रविवार शाम उन्होंने ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से मुलाकात की।
मित्रता पर जोर
दोनों ही मुख्यमंत्रियों ने समान विचारधारा वाले दलों की मित्रता पर बल दिया। सोमवार को राव प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी से मिलने वाले हैं। इसके बाद राव दिल्ली जाएंगे, जहां वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से औपचारिक मुलाकात के साथ ही मायावती और अखिलेश यादव से भी मिलेंगे।
देश में बदलाव की जरूरत
भुवनेश्वर में ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात के बाद राव ने कहा कि हमारा मानना है कि देश में भाजपा व कांग्रेस के खिलाफ एक विकल्प होना चाहिए। ऐसे में देश में क्षेत्रीय दलों को एकजुट करने की जरूरत है। देश को परिवर्तन की आवश्यकता है, जिसके लिए संवाद शुरू हो गया है।
हालांकि अभी तक इस मसले पर कुछ ठोस परिणाम सामने नहीं आए हैं, ऐसे में हमें और अधिक नेताओं के साथ बात करने की जरूरत है। नवीन पटनायक ने कहा कि हमने समान विचारधारा वाले दलों के बीच मित्रता सहित कई चीजों पर चर्चा की है।
यह देश का सबसे बड़ा मजाक है
भाजपा की बी-टीम के सवाल पर राव ने इसे देश का सबसे बड़ा मजाक बताते हुए कहा कि जब पीएम मोदी हैदराबाद में होते हैं तो वे हमें कांग्रेस की बी-टीम बताते हैं जबकि राहुल और सोनिया आरोप लगाते हैं कि हम भाजपा की बी-टीम हैं। राव ने पटनायक द्वारा संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 फीसद आरक्षण के प्रस्ताव का समर्थन करने की भी बात कही है।
शारदा पीठ में पूजा-अर्चना के साथ शुरू की यात्रा
केसीआर की चार दिनी यात्रा के लिए पार्टी ने विशेष विमान एक महीने के किराये पर लिया है। उनकी यात्रा का पहला पड़ाव विशाखापत्तनम रहा। यहां पर उन्होंने शारदा पीठ में पूजा-अर्चना के साथ ही स्वरूपानंदेंद्र सरस्वती से आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह भुवनेश्वर रवाना हुए।
वह सोमवार को कोणार्क के सूर्य मंदिर और भगवान जगन्नाथ मंदिर के दर्शन करेंगे। इसके बाद राव कोलकाता रवाना हो जाएंगे, जहां वह ममता से मुलाकात के साथ कालीमाता मंदिर के दर्शन करेंगे। वह मंगलवार को दिल्ली रवाना होंगे। उनका मुख्य चुनाव आयुक्त सुनील अरोड़ा से भी मिलने का कार्यक्रम है।