कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने शुरू की अपने पहले बजट की तैयारियां, जानें किन क्षेत्रों को मिलेगी प्रमुखता
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने अपने पहले बजट की तैयारी शुरू कर दी है। 2023 के विधानसभा चुनाव से पहले सीएम बोम्मई को एक लोकप्रिय और सुधार समर्थक बजट पेश करना होगा। इससे पहले वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए तत्कालीन मुख्यमंत्री येदियुरप्पा ने राज्य का बजट पेश किया था।
बेंगलुरू, आइएएनएस। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने इस प्रतिष्ठित पद पर आने के बाद अपने पहले बजट की तैयारी शुरू कर दी है। सीएम ने बजट से पहले तैयारियों के तहत अगले हफ्ते से एक-एक करके विभिन्न विभागों की बैठकें बुलाई हैं। बोम्मई को अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने, कोविड महामारी की दूसरी और तीसरी लहर के कारण रोजगार के खत्म होते अवसरों को दोबारा जीवित करने के लिए चुनौतियों का सामना करना पड़ रहा है।
वित्त मामलों पर ज्ञान के लिए जाने जाते हैं सीएम
आपको बता दें कि कर्नाटक में अगले साल 2023 में विधानसभा चुनाव होने है। 2023 के निर्धारित विधानसभा चुनाव से पहले सीएम बोम्मई को एक लोकप्रिय और सुधार समर्थक बजट पेश करना होगा। इसके साथ ही बोम्मई वित्त मामलों पर अपने ज्ञान के लिए ही जाने जाते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने उन्हें जीएसटी परिषद में सरकार का प्रतिनिधि नियुक्त किया था। हालांकि कोरोना के कारण जब सरकार का राजस्व कम हो गया है। बोम्मई पर लोकप्रिय परियोजनाओं की घोषणा करने का दबाब भी जरूर होगा।
कोविड की तीसरी लहर से जूझ रहा कर्नाटक
राज्य विधानसभा चुनावों से पहले महत्वपूर्ण बृहत बेंगलुरु महानगर पालिका (बीबीएमपी) चुनाव होंगे। बोम्मई को अपनी क्षमताओं को साबित करने के लिए चुनाव में जीतना होगा। ऐसे समय में जब भाजपा आलाकमान ने राज्य में अटकलों पर विराम लगाते हुए घोषणा की है कि अगला चुनाव सीएम बोम्मई के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा। जानकारी के अनुसार सरकार के राजस्व स्रोत काफी हद तक सूख चुके हैं। आपको बता दें कि राज्य वर्तमान में कोविड की तीसरी लहर के प्रभाव का सामना कर रहा है। सीएम बोम्मई से बजट के पहले की बैठकों में अधिकारियों के साथ लोकप्रिय कार्यक्रमों और बजट सीमाओं की घोषणा की संभावनाओं पर विचार करने की उम्मीद है। सीएम बोम्मई ने दो पूरक बजट पेश किए हैं।
इन क्षेत्रों को मिलेगी बजट में प्रमुखता
सूत्रों के अनुसार कोविड की तीसरी लहर से निपटान के कारण स्वास्थ्य क्षेत्र को बजट में प्रमुखता मिलेगी। साथ ही सीएम को प्रमुख जल और सिंचाई परियोजनाओं के संबंध में बड़े पैकेजों की घोषणा करनी होगी। इसके साथ ही बेंगलुरु के बुनियादी ढांचे, नरेगा योजना, आवास परियोजनाओं, गंगा कल्याण योजना और अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं के लिए धन जारी करना होगा। वहीं, लघु उद्योग, उद्यमी, फिल्म उद्योग, शिक्षा क्षेत्र सरकार से अति आवश्यक मदद का इंतजार कर रहे हैं। आपको बता दें कि इससे पहले तत्कालीन मुख्यमंत्री बी.एस. येदियुरप्पा ने 8 मार्च 2021 को वित्तीय वर्ष 2021-22 के लिए राज्य का बजट पेश किया था।