कर्नाटक उपचुनाव : दो विधानसभा और तीन लोकसभा सीटों पर वोटिंग खत्म
कर्नाटक में दो विधानसभा और तीन लोकसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए वोटिंग खत्म हो गई है।
बेंगलुरु, एएनआइ। कर्नाटक में दो विधानसभा और तीन लोकसभा सीटों पर हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान शाम छ बजे खत्म हो गया है। मतदान सुबह सात बजे शुरू हो गया था। उपचुनाव को सत्तारूढ़ कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन की परीक्षा के तौर पर देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि उपचुनावों के नतीजों का सीधा असर आगामी लोकसभा चुनाव पर पड़ेगा।
दोपहर तीन बजे तक लोकसभा सीट बेल्लारी में 47%, शिमोगा में 41.49% और मांड्या में 37.4% जबकि विधानसभा सीट जामखंडी में 58.82% और रामनगर में 54.76% मतदान हुआ है। रामनगर के मोत्तेदोद्दी स्थित मतदान बूथ 179 में सांप घुसने से हड़कंप मच गया था। हालांकि सांप को बूथ से बाहर निकाला दिया गया है। सांप को हटाने के कारण मतदान को थोड़ी देर के लिए रोकना पड़ा, हालांकि अब वोटिंग शुरू हो गई।
- भाजपा प्रत्याशी श्रीकांत कुलकर्णी ने जामखंडी के बूथ नंबर 150 में मतदान किया।
- शिमोगा में शिकरीपुरा के एक पोलिंग बूथ में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीएस येद्दयुरप्पा ने मतदान किया।
- मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी की पत्नी अनीता कुमारस्वामी रामनगर विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रही हैं।उनकी जीत तय मानी जा रही है क्योंकि यहां के भाजपा उम्मीदवार एल चंद्रशेखर ने कांग्रेस ज्वाइन कर ली है।
- येद्दयुरप्पा ने कहा, '101 फीसद मेरा बेटा(बीएस राघवेंद्र) शिमोगा सीट जीतने जा रहा है। हम बेल्लारी और जमखंडी भी जीतने जा रहे हैं। हम सभी निर्वाचन क्षेत्रों में पूर्ण बहुमत प्राप्त करेंगे।'
- कर्नाटक के पूर्व CM बीएस येद्दयुरप्पा और उनके बेटे बीएस राघवेन्द्र ने शिमोगा के हुचार्य स्वामी मंदिर में पूजा-अर्चना की। बीएस राघवेन्द्र शिमोगा लोकसभा सीट से चुनाव मैदान में हैं।
तीन लोकसभा सीटों पर उपचुनाव
- बेल्लारी
- शिमोगा
- मंड्या
दो विधानसभा सीटों पर उपचुनाव
- रामानगर
- जमखंडी
सभी पांच निर्वाचन क्षेत्रों में मुकाबले में कुल 31 उम्मीदवार मैदान में उतरे हैं, हालांकि प्रमुख मुकाबला कांग्रेस-जेडीएस गठबंधन और भाजपा के बीच है।
सुरक्षा घेरे में मतदान केंद
स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा का पहरा रहा। जानकारी के मुताबिक, कुल 1502 मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि 8,922 मतदान केंद्रों पर वीवीपैट का इस्तेमाल किया गया।