सिएरा लियोन में खुलेगा भारतीय उच्चायोग, उपराष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू ने की घोषणा
उपराष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू( M Venkaiah Naidu) अफ्रीका के पांच दिवसीय दौरे पर हैं। उन्होंने भारतीय मूल को संबोधित किया।
नई दिल्ली, एएनआइ। उपराष्ट्रपति एम वैंकेया नायडू( M Venkaiah Naidu) अफ्रीका के पांच दिवसीय दौरे पर हैं। रविवार को उन्होंने अफ्रीकी देश सिएरा लियोन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने भारतीय मूल के लोगों को संबोधित किया। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने एक ट्वीट कर कहा कि वैंकेया नायडू ने सिएरा लियोन में भारतीय समुदाय के लोगों के साथ बातचीत करते हुए द्विपक्षीय संबंधों को बढ़ावा देने और स्थानीय अर्थव्यवस्था और समाज के लिए अवसर पैदा करने पर जोर दिया।
अफ्रीका देशों की यात्रा करने के दौरान वैंकेया नायडू ने कहा कि जब भी वह विदेशी दौरे पर होते हैं तो वह कोशिश करते हैं कि वहा पर मौजूद भारतीय मूल के लोगों के साथ वह बातचीत करें। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि यहां मौजूद भारतीय से मिलने के बाद वह गर्व महसूस कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि भारतीय मूल से मुलाकात करने के बाद उन्होंने अपने विचार उनके साथ साझा किए।
फ्रीटाउन में खुलेगा भारतीय उच्चायोग
अपने भाषण के दौरान वैंकेया नायडू ने एलान किया है कि सिएरा लियोन की राजधानी फ्रीटाउन (Freetown)में एक भारतीय उच्चायोग खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि हम शीघ्र ही फ्रीटाउन में अपना उच्चायोग खोलेंगे, जो दोनों देशों के बीच मौजूदा द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करेगा, साथ ही सिएरा लियोन में रह रहे भारतीय प्रवासी की जरूरतों का भी ध्यान रखेगा।
भारत बन रह है गंतव्य स्थल
इसके अलावा उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे समावेशी और सहिष्णु लोकतांत्रिक देशों में से एक है, जिसमें अल्पसंख्यकों सहित सभी समूहों के हितों का ध्यान सहानुभूति और प्रशंसा के साथ रखा गया है। इसके अलावा उन्होंने कहा कि भारत आगे बढ़ रहा है और तेजी से दुनिया के लिए एक पसंदीदा निवेश गंतव्य बन रहा है।
यह भी पढ़ें: सिएरा लियोन के विदेश मंत्री से मिले उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, द्विपक्षीय संबंधों पर की चर्चा