राजनाथ ने कहा- दुश्मन की जमीन में घुसकर आतंकवाद का सफाया करने में भारत सक्षम है
भारत अब कमजोर भारत नहीं रहा। हम उनकी धरती पर घुसकर आतंकवाद का सफाया कर रहे हैं। जवानों के प्रति हर भारतीय के मन में सम्मान की भावना है।
रायपुर, राज्य ब्यूरो। लोकसभा चुनाव से पूर्व केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह बुधवार को छत्तीसगढ़ के बिलासपुर संभाग के दौरे पर पहुंचे। उन्होंने यहां लाला बहादुर शास्त्री स्कूल मैदान में आयोजित कार्यकर्ता शक्ति सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि अब भारत पहले जैसा कमजोर भारत नहीं रहा। पाकिस्तान को इस बात को सनद में रखना चाहिए। हम उनकी जमीन में घुस कर आतंकवाद का सफाया करने में सक्षम हैं।
छत्तीसगढ़ राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद किसानों के साथ धान बोनस के नाम पर बड़ा छलावा हुआ है। उनकी स्थिति में सुधार की बात कही जा रही है, जबकि हालात इससे उलट जा रहे हैं। किसान भी अब इस बात को भली भांति समझ रहे रहैं।
राज्य की नई कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए राजनाथ सिंह ने कहा कि राज्य में विकास की जो योजनाएं भाजपा के शासनकाल में बनी थीं उससे जनता की स्थिति में तेजी के साथ सुधार आ रहा था, लेकिन यह योजनाएं कांग्रेस की आंखों की किरकिरी बनने लगीं और उन्हें बंद किया गया।
महापुरुषों के नाम से चलाई जा रही योजनाओं पर कांग्रेस राजनीति कर रही है। गरीबों के नाम पर राजनीति करने वाली कांग्रेस के शासन में गरीबों का कभी भी भला नहीं हो सकता। राज्य में भाजपा अब पिछले विधानसभा चुनाव में हुई हार से उबर चुकी है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में काम कर रही केंद्र सरकार की नीतियां आम जनता को प्रभावित कर रही हैं। आने वाले लोकसभा चुनाव के लिए कार्यकर्ता पूरे जोश के साथ जुटे हैं और राज्य की सभी 11 लोकसभा सीटों पर हम चुनाव जीतेंगे।
उन्होंने पाकिस्तानी आतंकवादियों द्वारा पुलवामा में किए गए हमले के बदले भारत द्वारा की गई एयरफोर्स कार्रवाई को लेकर कहा कि हमने अपनी सीमा, अपने देश की सुरक्षा के लिए कड़ा कदम उठाया है, साथ ही पाकिस्तान के लिए यह मुहतोड़ जवाब है कि वह अब आतंकवाद को प्रश्रय देने से बाज आए।
भारत अब कमजोर भारत नहीं रहा। हम उनकी धरती पर घुसकर आतंकवाद का सफाया कर रहे हैं। जवानों के प्रति हर भारतीय के मन में सम्मान की भावना है। वे हमारे देश की रक्षा के लिए सरहद पर डटे हैं और हर एक भारतीय का कर्तव्य है कि जवानों को भावनात्मक रूप से सहयोग करें। सम्मेलन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह सहित प्रदेश भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता मंच पर नजर आए।