ले. ज. डी एस हुड्डा बोले- कांग्रेस में शामिल नहीं हुआ, गुरुवार को की थी राहुल गांधी से मुलाकात
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक (Surgical Strike) की निगरानी करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हु़ड्डा (रिटायर्ड) ने कांग्रेस में शामिल होने की खबर को नकार दिया है।
नई दिल्ली, एएनआइ। पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर में सर्जिकल स्ट्राइक (Surgical Strike) की निगरानी करने वाले लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हु़ड्डा (रिटायर्ड) ने कांग्रेस में शामिल होने की खबर को नकार दिया है। उन्होंने कहा कि मैंने कांग्रेस ज्वॉइन नहीं किया है। खबर थी कि डीएस हुड्डा कांग्रेस में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के साथ उनकी एक फोटो भी सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रही है।
खबरें तो यहां तक सामने आई थी कि कांग्रेस ने डीएस हु़ड्डा को पार्टी में शामिल करते हुए बड़ी जिम्मेदारी दी गई है। ऐसा कहा जा रहा था कि जनरल हुड्डा कांग्रेस का विजन डॉक्यूमेंट भारत के सुरक्षा को केंद्र में रखकर बनाएंगे और इसके लिए कांग्रेस ने टास्क फोर्स का भी गठन किया है। लेकिन हुड्डा के नकार देने के बाद सारी अटकलों पर विराम लग गया है।
गौरतलब है कि लेफ्टिनेंट जनरल डीएस हु़ड्डा (रिटायर्ड) 29 सितंबर 2016 को पाकिस्तान पर हुए सर्जिकल स्ट्राईक के वक्त आर्मी कमांडर थे जो नॉर्दन कमांड का अगुआ होता है। इस ऑपरेशन के वक्त लेफ्टिनेंट जनरल हुड्डा अपने कमरे में बैठे उस ऑपरेशन को देख रहे थे। सर्जिकल स्ट्राइक के बाद हुड्डा का एक बयान काफी सुर्खियों में रहा था, जिसमें उन्होंने कहा था कि इस घटना को थोड़ा ज्यादा ही हाइप दिया गया और थोड़ा पोलिटिसाइज हो गया।