SPG सुरक्षा मानदंडों से खुद बेपरवाह रहा गांधी परिवार, अफसर ने बताया राहुल, सोनिया और प्रियंका का रवैया
मोटर वाहन अधिनियम और सुरक्षा परामर्शो का उल्लंघन करते हुए कुछ मौकों पर राहुल ने देश के विभिन्न हिस्सों में गाड़ियों की छतों पर बैठकर यात्रा की।
नई दिल्ली, प्रेट्र। गांधी परिवार से एसपीजी सुरक्षा वापस लिए जाने के सरकार के फैसले पर कांग्रेस भले ही सवाल उठा रही है, लेकिन सच्चाई यह है कि कई मौकों पर एसपीजी सुरक्षा मानदंडों से यह परिवार खुद बेपरवाह बना रहा। गांधी परिवार के सदस्यों की ओर से एसपीजी के साथ असहयोग की जानकारी देते हुए एक अधिकारी ने कहा कि ऐसे रवैये से सुरक्षाकर्मियों के काम में बाधा आती है। पिछले पांच वर्षो में राहुल गांधी कई बार अपने भाषणों में एसपीजी का नाम ले चुके हैं, जो सर्वथा अवांछनीय है।
मोटर वाहन अधिनियम और सुरक्षा परामर्शो का उल्लंघन करते हुए कुछ मौकों पर राहुल ने देश के विभिन्न हिस्सों में गाड़ियों की छतों पर बैठकर यात्रा की। अधिकारी ने बताया कि चार अगस्त, 2017 को राहुल गांधी गुजरात के बनासकांठा में गैर बुलेट प्रूफ कार से सफर कर रहे थे। इस दौरान पथराव की घटना हुई, जिसमें एसपीजी का पीएसओ घायल हो गया। यदि कांग्रेस नेता बुलेट प्रूफ गाड़ी से जा रहे होते तो सुरक्षाकर्मी घायल नहीं हुआ होता।
इस तरह करते रहे मानदंडों का उल्लंघन
सोनिया गांधी
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 2015 से इस साल मई तक दिल्ली में 50 मौकों पर बुलेट प्रूफ गाडि़यों का इस्तेमाल नहीं किया। इनमें एक मौके को छोड़कर हर बार उनकी गाड़ी खुद राहुल गांधी ने चलाई। 2015 से अब तक अपनी 24 विदेश यात्राओं के दौरान सोनिया सुरक्षा अधिकारियों को अपने साथ नहीं ले गई।
राहुल गांधी
अधिकारी ने कहा कि राहुल गांधी ने 2005 से 2014 के बीच देश के विभिन्न हिस्सों में जाने पर 18 बार बुलेट प्रूफ वाहनों का इस्तेमाल नहीं किया। 2015 से इस साल मई तक उन्होंने 1,892 बार दिल्ली में बुलेट प्रूफ वाहनों का इस्तेमाल नहीं किया। इसके अलावा इस साल जून तक दिल्ली के बाहर वे 247 मौकों पर बुलेट प्रूफ वाहन से नहीं चले। 1991 से अब तक राहुल ने 156 विदेश यात्राएं की हैं। इनमें 143 यात्राओं के दौरान उन्होंने एसपीजी की सुरक्षा नहीं ली है।
प्रियंका गांधी
प्रियंका गांधी वाड्रा का जिक्र करते हुए अधिकारी ने बताया कि 2015 से इस साल मई तक उन्होंने दिल्ली में 339 बार और दिल्ली के बाहर 64 बार बुलेट प्रूफ वाहनों का इस्तेमाल नहीं किया। एसपीजी अधिकारियों की सलाह के बावजूद उन्होंने गैर बुलेट प्रूफ वाहनों का इस्तेमाल किया। 1991 से अब तक उन्होंने कुल 99 विदेश यात्राएं की हैं। इनमें सिर्फ 21 बार वे सुरक्षाकर्मियों को अपने साथ ले गई। 78 मौकों पर उन्होंने सुरक्षाकर्मियों को अपने साथ ले जाने से इन्कार कर दिया।