चार राज्य आयुष्मान योजना लागू करने को तैयार नहीं, केंद्र ने लोकसभा में दी जानकारी
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने कहा कि इस योजना से देश के 55 करोड़ गरीब लाभान्वित होंगे। पिछले एक साल में 82 लाख से अधिक लोगों ने इसका लाभ लिया है।
नई दिल्ली, आइएएनएस। प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की महत्वाकांक्षी योजना आयुष्मान भारत को बंगाल, ओडिशा, दिल्ली और तेलंगाना अभी भी लागू करने को तैयार नहीं हैं। यह जानकारी शुक्रवार को केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने लोकसभा में दी। इस योजना में गरीबों को पांच लाख तक के इलाज की सुविधा प्राप्त है। प्रश्न काल में आयुष्मान कार्ड से जुड़े एक प्रश्न का उत्तर देते हुए स्वास्थ्य मंत्री ने इन राज्यों के मुख्यमंत्रियों से अपने संबंधित राज्य में योजना लागू करने की अपील की।
2022 के अंत तक 1.5 लाख हेल्थ केयर सेंटर खोले जाएंगे
आयुष्मान योजना को विश्व की अनोखी योजना बताते हुए मंत्री ने कहा कि इस योजना से देश के 55 करोड़ गरीब लाभान्वित होंगे। पिछले एक साल में 82 लाख से अधिक लोगों ने इसका लाभ लिया है। मंत्री ने बताया कि हम लोगों ने 31 दिसंबर 2022 तक 1.5 लाख हेल्थ केयर सेंटर खोलने का लक्ष्य रखा है। इस साल 31 मार्च तक इस तरह के 40 हजार से ज्यादा केंद्र खोल जाएंगे। उन्होंने बताया कि अब तक 12.04 करोड़ लोगों को आयुष्मान हेल्थ कार्ड दिए जा चुके हैं। ये लोग इस योजना में संबद्ध 22 हजार से अधिक अस्पतालों में कहीं भी इलाज करा सकते हैं।
2017 में शुरू की गई आयुष्मान योजना
स्वास्थ्य मंत्री ने स्पष्ट किया कि शेष 43 करोड़ लोग जिन्हें अभी तक कार्ड नहीं मिला है, वे भी केंद्रीय योजनाओं का लाभ ले सकते हैं। उल्लेखनीय है वर्ष 2017 में बनी नई स्वास्थ्य नीति के तहत आयुष्मान योजना को शुरू किया गया था।