'कांग्रेस उम्मीदवार यानी पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व' ऐसा कहने पर भाजपा नेता के खिलाफ FIR दर्ज
BJP के नेता गोपाल भार्गव के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। रिटर्निंग ऑफिसर अभय खराडी ने BJP नेता के खिलाफ कोतवाली पुलिस स्टेशन में IPC की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई।
भोपाल, एएनआइ। मध्य प्रदेश की झाबुआ विधानसभा सीट पर उपचुनाव होना है। इसके मद्देनजर सोमवार को कांग्रेस के कांतिलाल भूरिया और भाजपा के भानू भूरिया ने नामांकन पत्र दाखिल किए। इस अवसर पर आयोजित सभा में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव (21 अक्टूबर) ने कहा कि यदि कांतिलाल जीत गए तो संदेश जाएगा कि पाकिस्तान का समर्थन करने वाली सरकार का प्रतिनिधि जीत गया। ये हिंदुस्तान और पाकिस्तान के बीच चुनाव है। भानू हिंदुस्तान का तो कांतिलाल पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करते हैं।
इसपर कांग्रेस ने मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी वीएल कांताराव से भार्गव के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन का प्रकरण दर्ज करने की मांग की थी। अब खबर है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता गोपाल भार्गव के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है। रिटर्निंग ऑफिसर अभय खराडी ने भाजपा नेता के खिलाफ कोतवाली पुलिस स्टेशन में IPC की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराई।
खराडी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया, '30 सितंबर को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन था। भाजपा की रैली के दौरान, भार्गव ने कांतिलाल भूर को पाकिस्तान का उम्मीदवार कहा। जैसा कि उन्होंने एमसीसी का उल्लंघन किया है, तो उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।'
बता दें कि भार्गव के इस बयान की वीडियो भी सामने आई थी।
#WATCH Gopal Bhargava, BJP on Jhabua (Madhya Pradesh) assembly by-election: This election is not a contest between two parties but between India and Pakistan. Bhanu Bhuria (BJP candidate) represents India, & Kantilal Bhuria (Congress candidate) represents Pakistan. pic.twitter.com/2LGXvTyIoV
— ANI (@ANI) September 30, 2019
साड़ी-दारू और रुपया लाएंगे
सभा के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कांग्रेस प्रत्याशी को लेकर कहा कि कांति आएंगे, साड़ी-दारू और रुपया लाएंगे.. फंसोगे तो नहीं। भाजपा सांसद गुमानसिंह डामोर ने कांतिलाल भूरिया से जवाब मांगा कि उनके राजनीतिक गुरु दिग्विजय सिंह ने कहा है कि हिंदू आतंकवादी हैं और दुष्कर्मी हैं, क्या कांतिलाल इसका समर्थन करते हैं। वहीं, कांग्रेस की सभा में मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा कि छिंदवाड़ा की तरह झाबुआ का विकास करूंगा और झाबुआ से आजीवन रिश्ता रखूंगा। 15 साल में भाजपा सरकार ने खजाना खाली कर दिया है।