Move to Jagran APP

President Election: एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने नामांकन किया दाखिल, पीएम मोदी समेत कई BJP नेता रहे मौजूद

राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को मतदान होना है। वर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। जदयू और बीजद के समर्थन की घोषणा के बाद द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति चुना जाना तय माना जा रहा है।

By TilakrajEdited By: Published: Fri, 24 Jun 2022 07:42 AM (IST)Updated: Fri, 24 Jun 2022 03:03 PM (IST)
President Election: एनडीए की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने नामांकन किया दाखिल, पीएम मोदी समेत कई BJP नेता रहे मौजूद
भाजपा-राजग के लगभग सभी मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री बने प्रस्तावक

नई दिल्ली, जागरण ब्यूरो। राष्ट्रपति पद के लिए राजग उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता नामांकन के दौरान मौजूद रहे। राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद पहली बार दिल्ली पहुंचीं मुर्मू ने उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू, प्रधानमंत्री मोदी और गृह मंत्री शाह से मुलाकात की।

loksabha election banner

द्रौपदी मुर्मू की ओर से नामांकन पत्र के चार सेट दाखिल किया गया। एक सेट में 50 प्रस्तावक होते हैं। भाजपा-राजग के लगभग सभी मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री प्रस्तावक हैं। राजग घटक दलों के कुछ सांसद भी प्रस्तावक के रूप नजर आए। बीजद के सांसद भी प्रस्तावकों की सूची में शामिल रहे। पहले सेट के प्रस्तावकों में पहला नाम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का रहा।

इससे पहले संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी के घर पर द्रौपदी मुर्मू के नामांकन के कागजात तैयार करने के लिए वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। इसमें प्रस्तावक और उनका समर्थन करने वालों की सूची तैयार करने के साथ-साथ उनके हस्ताक्षर भी लिए गए। नामांकन दाखिल करने के बाद मुर्मू सभी राज्यों का दौरा करेंगी और विभिन्न पार्टियों के प्रमुखों और वरिष्ठ नेताओं का समर्थन जुटाने की कोशिश करेंगी।

राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को मतदान होना है। वर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है। जदयू और बीजद के समर्थन की घोषणा के बाद द्रौपदी मुर्मू का राष्ट्रपति चुना जाना तय माना जा रहा है। जनजातीय समाज से आने के कारण संप्रग के भी कुछ सहयोगी दलों के मुर्मू के समर्थन में आने की उम्मीद है। संप्रग ने यशवंत सिन्हा को अपना साझा प्रत्याशी बनाया है। यदि मुर्मू जीतती हैं, तो जनजातीय समाज से आने वाली पहली राष्ट्रपति के साथ-साथ वे सबसे कम उम्र की भी राष्ट्रपति होंगी। दिल्ली के लिए रवाना होने से पहले ओडिशा में एक संक्षिप्त बयान में मुर्मू ने कहा था, मैं सभी का धन्यवाद करती हूं और सभी से राष्ट्रपति चुनाव के लिए सहयोग मांगती हूं।

इससे पहले दिल्ली पहुंचीं राजग प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू ने वरिष्ठ नेताओं से मुलाकात की। पीएम मोदी ने उनसे मुलाकात के बाद कहा, 'द्रौपदी मुर्मू जी से मुलाकात की। राष्ट्रपति पद के लिए उनकी उम्मीदवारी की देश भर में और समाज के सभी वर्गो द्वारा सराहना की जा रही है। जमीनी समस्याओं के प्रति उनकी समझ और भारत के विकास को लेकर उनकी दृष्टि उत्कृष्ट है।'

वहीं, गृह मंत्री अमित शाह ने राजग के राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू जी से मिलकर उन्हें बधाई दी। उनके नाम की घोषणा से ही जनजातीय समाज गौरव की अनुभूति कर रहा है। मुझे विश्वास है कि उनके प्रशासनिक और सार्वजनिक अनुभव का लाभ पूरे देश को मिलेगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.