Move to Jagran APP

President Election 2022: राष्ट्रपति चुनावों के लिए द्रौपदी मुर्मू ने हिमाचल-हरियाणा, तो यशवंत सिन्हा ने छत्तीसगढ़ में जुटाया समर्थन

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सांसद-विधायकों को समझाया कि मतदान के दौरान कैसे सावधानी बरतनी है। ताकि कोई गड़बड़ न हो। राज्यसभा चुनाव की तर्ज पर मतदान होगा जिसमें किसी दूसरे पेन का इस्तेमाल नहीं करना है। बैठक में वोट डालने को लेकर अभ्यास भी किया गया।

By Amit SinghEdited By: Published: Sat, 02 Jul 2022 05:52 AM (IST)Updated: Sat, 02 Jul 2022 05:52 AM (IST)
President Election 2022: राष्ट्रपति चुनावों के लिए द्रौपदी मुर्मू ने हिमाचल-हरियाणा, तो यशवंत सिन्हा ने छत्तीसगढ़ में जुटाया समर्थन
राष्ट्रपति चुनावों के लिए समर्थन हासिल करने की कवायद जारी (फाइल फोटो)

जेएनएन, नई दिल्ली: राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू भाजपा विधायकों व सांसदों से समर्थन मांगने के लिए शुक्रवार को सोलन जिले के बद्दी पहुंचीं। यहां पर निजी होटल में भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्होंने कहा कि हिमाचल वीरभूमि है। उन्होंने देश के पहले परमवीर चक्र विजेता हिमाचल के कांगड़ा निवासी मेजर सोमनाथ शर्मा सहित हिमाचल के सभी परमवीर चक्र विजेताओं व अन्य बलिदानियों को नमन किया।

loksabha election banner

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने द्रौपदी मुर्मू का स्वागत करते हुए कहा कि उनकी जीत सुनिश्चित है, क्योंकि उन्होंने सभी वर्गों के लिए उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया है। आदिवासी क्षेत्रों के विकास, लड़कियों की शिक्षा व सभी वर्गों के संतुलित विकास के लिए उनके प्रयास सराहनीय हैं। केंद्रीय खेल व सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने द्रौपदी मुर्मू को राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी चयनित होने पर बधाई दी। उन्होंने चुनाव प्रचार का शुभारंभ हिमाचल से करने के लिए उनका आभार जताया।

संघर्ष की कहानी सुना हरियाणा में मांगा समर्थन

हरियाणा में द्रौपदी मुर्मू को भारतीय जनता पार्टी, जननायक जनता पार्टी और गठबंधन सरकार का समर्थन कर रहे निर्दलीय विधायकों ने पूर्ण समर्थन का भरोसा दिलाया है। राजग की राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार द्रोपदी मुर्मू शुक्रवार को हरियाणा के सांसद-विधायकों का समर्थन जुटाने हरियाणा निवास पहुंची थीं।

मुर्मू ने अपने संघर्ष की कहानी सुनाते हुए बताया कि कैसे एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार बनाकर एनडीए ने अपनी नीति स्पष्ट कर दी है। आदिवासी महिला के रूप में उन्होंने कभी नहीं सोचा था कि इस पद का उम्मीदवार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मैंने महिला, गरीब, आदिवासियों के लिए काम किया है। जिंदगी में जो भी चुनौती आई है, उसे स्वीकार किया है और हमेशा अच्छा बनने का प्रयास किया है।

मेघवाल ने बताया कैसे करना है मतदान

केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सांसद-विधायकों को समझाया कि मतदान के दौरान कैसे सावधानी बरतनी है। ताकि कोई गड़बड़ न हो। राज्यसभा चुनाव की तर्ज पर मतदान होगा, जिसमें किसी दूसरे पेन का इस्तेमाल नहीं करना है। बैठक में वोट डालने को लेकर अभ्यास भी किया गया।

देश को ऐसा राष्ट्रपति चाहिए जो पीएम को सलाह दे सके

दूसरी ओर शुक्रवार को छत्तीसग़़ढ के सांसदों और विधायकों से वोट मांगने पहुंचे संयुक्त विपक्ष के राष्ट्रपति पद के प्रत्याशी यशवंत सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रपति ऐसा हो जो संवैधानिक दायित्वों का निर्वहन करते हुए प्रधानमंत्री को सलाह दे सके। इसका मतलब यह नहीं है कि टकराव हो, लेकिन राष्ट्रपति को संविधान की रक्षा करनी चाहिए। सिन्हा ने कहा कि राष्ट्रपति चुनाव में गुप्त मतदान होता है। इसमें व्हिप लागू नहीं होता। सभी को अपनी अंतरात्मा की आवाज पर मतदान करना चाहिए।

अच्छा और बेहतर में फर्क होता है

यशवंत सिन्हा की पत्नी नीलिमा सिन्हा ने एनडीए की राष्ट्रपति पद की प्रत्याशी द्रोपदी मुर्मू को अच्छा उम्मीदवार बताया है। इस प्रश्न पर सिन्हा ने कहा कि मैं भी उन्हें अच्छा मानता हूं, लेकिन अच्छे और बेहतर में फर्क होता है। मुर्मू के आदिवासी होने के प्रश्न पर उन्होंने कहा कि यहां सवाल पहचान का नहीं विचारधारा का है। उन्होंने कहा कि वे 60 साल पहले अपनी बारात लेकर भिलाई आए थे, इसलिए छत्तीसगढ़ से उनका विशेष लगाव है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.