कर्नाटक का नाटक: कुमारस्वामी का दावा- सरकार पर संकट नहीं, भाजपा कर रही कोशिश, लेकिन...
Karnataka Government पूर्व में कांग्रेस को कई मौकों पर संकट से उबार कर प्रतिष्ठा अर्जित करने वाले शिवकुमार ने मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी पर भाजपा की तरफ झुकाव रखने का आरोप लगाया।
बेंगलुरु, पीटीआइ। कांग्रेस नेता और कर्नाटक के जल संसाधन मंत्री डीके शिवकुमार ने भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाया है। शिवकुमार ने कहा कि राज्य सरकार को अस्थिर करने के लिए भाजपा आपरेशन लोटस चला रही है। कांग्रेस के तीन विधायक मुंबई के एक होटल में भाजपा के कुछ नेताओं के साथ ठहरे हुए हैं। लेकिन कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी का कहना है कि उनकी सरकार पर कोई संकट नहीं है और तीनों विधायक उनके संपर्क में हैं। इधर, भारतीय जनता पार्टी की कर्नाटक इकाई के प्रमुख एवं पूर्व मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा सहित राज्य में पार्टी के सभी विधायक सोमवार को दिल्ली में बैठक करेंगे, जिसमें लोकसभा चुनाव 2019 तथा कर्नाटक में मौजूदा राजनैतिक हालात पर चर्चा की जाएगी।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी का कहना है कि सभी विधायक उनके संपर्क में हैं। उन्होंने कहा, 'सभी तीन विधायक(कांग्रेस विधायक) लगातार मेरे संपर्क में हैं। वे सभी मुझे बताकर ही मुंबई गए हैं। मेरी सरकार पर कोई संकट नहीं है। मुझे इस बात की भी जानकारी है कि भाजपा ने इन विधायकों से मिलने की कोशिश की और उन्हें क्या ऑफर दिया जा रहा है। मैं इसे संभाल सकता हूं, मीडिया क्यों परेशान हो रहा है...?'
इस बीच कांग्रेस का भाजपा पर हमला जारी है। कर्नाटक सरकार में मंत्री और कांग्रेस नेता बी. गौड़ा का कहना है कि भारतीय जनता पार्टी सरकार को पर्दे के पीछे से अस्थिर करने की कोशिश कर रही है।
हालांकि कर्नाटक के उप-मुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने कहा, 'देखिए, भाजपा के नेता कह रहे हैं कर्नाटक की मौजूदा सरकार फेल हो गई है। लेकिन ऐसा नहीं होने जा रहा है। हमारे कुछ विधायक गए हैं, ये बात सच है। लेकिन ये विधायक मंदिर गए हैं, छुट्टियों पर गए हैं या फिर परिवार से साथ समय बिताने गए हैं, ये बात हमें नहीं पता। किसी ने भी यह नहीं कहा है कि ये विधायक भाजपा में शामिल होकर सरकार को गिराने जा रहे हैं। सभी विधायक हमारे साथ अभी तक बने हुए हैं।'
साथ ही उन्होंने बताया कि आज मैंने अपनी पार्टी के सभी मंत्रियों के मुलाकात की, ताकि फरवरी के पहले सप्ताह में मुख्यमंत्री द्वारा पेश किए जाने वाले अगले बजट के बारे में चर्चा की जा सके।
शिवकुमार ने कहा, 'राज्य में हार्स ट्रेडिंग जारी है। हमारे तीन विधायक मुंबई में एक होटल में भाजपा के कुछ विधायकों और नेताओं के साथ ठहरे हुए हैं। हमें पता है कि उनके बीच क्या बातचीत हुई है और उन्हें कितने की पेशकश की गई है।' आपरेशन लोटस 2008 में कर्नाटक की तत्कालीन बीएस येद्दयुरप्पा सरकार की स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए विपक्ष के कुछ विधायकों को दलबदल के लिए लालच देने को कहा जाता है।
पूर्व में कांग्रेस को कई मौकों पर संकट से उबार कर प्रतिष्ठा अर्जित करने वाले शिवकुमार ने मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी पर भाजपा की तरफ झुकाव रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'हमारे मुख्यमंत्री भाजपा के प्रति कुछ उदार हैं। साजिश से सभी विधायकों ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया है। उन्होंने सिद्धरमैया को भी इस बारे में बताया है।'
डीके शिवकुमार ने कहा, 'मुख्यमंत्री इंतजार करो और देखो की नीति अपना रहे हैं। यदि मैं उनकी जगह होता तो इसका 24 घंटे के अंदर खुलासा कर देता।' हालांकि उन्होंने भरोसा जताया कि भाजपा अपनी कोशिश में सफल नहीं होगी। शिवकुमार ने कहा कि राज्य में विपक्षी भाजपा का संभवत: जिक्र करते हुए कहा, ‘आप कह रहे हैं कि मकर सक्रांति के बाद एक क्रांति होगी चलिए देखते हैं।' बता दें कि राज्य में कांग्रेस के कई विधायकों ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेताओं ने अपनी पार्टी में शामिल करने के लिए उनसे संपर्क किया है। वहीं, बीजेपी ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है।
ये है कर्नाटक में सीटों का गणित
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने 224 में से 104 सीटें जीती थीं। इधर कांग्रेस सिर्फ 78 सीट, जनता दल सेक्युलर 38 और अन्य को 2 सीटों पर जीत मिली थी। भाजपा सबसे बड़ी पार्टी थी, लेकिन उसके पास सरकार बनाने के लिए जादुई आंकड़ा नहीं था। ऐसे में जनता दल सेक्युलर ने कांग्रेस के समर्थन से सरकार बनाई। इसके तहत जेडीएस के एचडी कुमारस्वामी मुख्यमंत्री बने।