Move to Jagran APP

मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए चुने गए दिग्विजय, सिंधिया और सोलंकी, जानिए किसे कितने मिले वोट

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान किया गया। शाम पांच बजे से मतगणना शुरू हुई और लगभग दो घंटे बाद नतीजे घोषित किए गए।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Fri, 19 Jun 2020 09:04 PM (IST)Updated: Fri, 19 Jun 2020 11:41 PM (IST)
मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए चुने गए दिग्विजय, सिंधिया और सोलंकी, जानिए किसे कितने मिले वोट
मध्य प्रदेश से राज्यसभा के लिए चुने गए दिग्विजय, सिंधिया और सोलंकी, जानिए किसे कितने मिले वोट

भोपाल, राज्य ब्यूरो। जैसी की उम्मीद थी मध्य प्रदेश से राज्यसभा में भाजपा को दो और कांग्रेस को एक सीट हासिल हो गई। भाजपा के ज्योतिरादित्य सिंधिया व सुमेरसिंह सोलंकी तथा कांग्रेस के दिग्विजय सिंह शुक्रवार को विजयी घोषित किए गए। कांग्रेस के दूसरे उम्मीदवार फूल सिंह बरैया चुनाव हार गए। उन्हें जीतने के लिए जरूरी मतों से 16 मत कम मिले। सबसे ज्यादा 57 वोट दिग्विजय सिंह को, 56 सिंधिया को और 55 वोट सुमेरसिंह सोलंकी को मिले। बरैया के खाते में 36 वोट आए। दो वोट निरस्त हुए।

loksabha election banner

मध्य प्रदेश में राज्यसभा की तीन सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान किया गया। शाम पांच बजे से मतगणना शुरू हुई और लगभग दो घंटे बाद नतीजे घोषित किए गए। मतदान में 206 विधायकों ने हिस्सा लिया। सबसे पहले भाजपा की ओर से मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मतदान किया तो सबसे आखिरी मत कांग्रेस के कुणाल चौधरी का रहा। चौधरी कोरोना पॉजिटिव होने की वजह से पीपीई किट में मतदान करने आए थे। उनका मत भी लिफाफे में अलग रखा गया।

कांग्रेस को मिले दो अतिरिक्त वोट किसके?

कांग्रेस के वोटरों की संख्या 92 है। उसका एक वोट निरस्त हो गया। जबकि सिंह और बरैया को मिलाकर कांग्रेस के खाते में कुल 93 वोट पड़े। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि कांग्रेस को दो वोट किसके मिले? एक वोट के बारे में माना जा रहा है कि निर्दलीय विधायक केदार डाबर का हो सकता है, लेकिन दूसरा मत भाजपा के किसी विधायक का है या भाजपा को समर्थन की घोषणा कर चुके निर्दलीय विधायकों का है, यह पता नहीं चला है। भाजपा अपने स्तर पर कांग्रेस में गए अतिरिक्त वोट की पड़ताल में जुट गई है।

गौरतलब है कि पूरे देश में राज्यसभा के 61 सीटों के द्विवार्षिक चुनाव में गुजरात और मध्य प्रदेश में हुए सियासी उलटफेर के बीच 72 प्रतिशत नये चेहरे संसद के उच्च सदन में पहली बार पहुंचने में कामयाब रहे हैं। इन चेहरों में मल्लिकार्जुन खड़गे, ज्योतिरादित्य सिंधिया से लेकर केसी वेणुगोपाल जैसे नेता भी हैं जो अपनी सियासी जिंदगी में पहली बार राज्यसभा के लिए चुने गए हैं। कोरोना महामारी के कारण राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव की बची 19 सीटों के शुक्रवार को आए नतीजे के साथ सभी 61 सीटों पर चुनाव का काम पूरा हो गया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.