राजनीतिक हस्तियों में कोरोना का संकट, संक्रमित कनिका कपूर के संपर्क में आए कई बड़े नेता
तृणमूल कांग्रेस के सदस्य डेरेक ने ट्वीट कर बताया कि वह दो दिन पहले दुष्यंत के पास लगभग ढ़ाई घंटे तक बैठे थे और अब वह खुद को अलग थलग कर रहे हैं।
जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। कोरोना को लेकर आशंका के बीच शुक्रवार को संसद पर भी इसकी छाया पड़ गई। राजस्थान के झालावाड़ से सांसद व पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के पुत्र दुष्यंत सिंह कोरोना संक्रमण की आशंका में घिर गए हैं। वह लखनऊ में उस पार्टी में मौजूद थे जहां कोरोना संक्रमित बालीवुड सिंगर कनिका कपूर थीं। एक ग्रुप फोटो में भी वह साथ ही हैं। वहीं दो दिन पहले वह उत्तर प्रदेश और राजस्थान के लगभग छह दर्जन दूसरे सांसदों के साथ नाश्ते के लिए राष्ट्रपति भवन भी गए थे। इसमें कई केंद्रीय मंत्री भी शामिल थे। गुरुवार तक दुष्यंत संसद आए थे और एक सवाल भी पूछा था। जबकि कई सांसदों के संपर्क में थे। जाहिर तौर पर आशंका बढ़ गई है और जरूरी इंतजाम भी किए जाने लगे हैं। विशेषज्ञों से संपर्क किया जा रहा है।
बता दें कि कनिका कपूर के साथ राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सिंधिया, उनके बेटे दुष्यंत सिंह, कांग्रेस नेता जतिन प्रसाद और पूर्व केंद्रीय मंत्री तथा अपना दल की सांसद अनुप्रिया पटेल ने भी डिनर किया था।वहीं, अनुप्रिया पटेल ने ट्वीट कर कहा कि, 'कल एक कार्यक्रम में मैं मौजूद थी। उस कार्यक्रम में सहयोगी सांसद श्री दुष्यंत सिंह भी मौजूद थे। सावधानी के तौर पर मैं सेल्फ़ आइसोलेसन में जा रही हूँ। सरकार द्वारा आवश्यक दिशा निर्देशो का पालन करूँगी।'
कनिका कपूर से मिलने के बाद दुष्यंत ने खुद को किया अलग-थलग
यूं तो कनिका कपूर के संक्रमण की पुष्टि के बाद ही दुष्यंत ने खुद को अलग थलग कर लिया है। वसुंधरा भी आइसोलेट हो गई हैं। दोनों ने इसकी जानकारी भी दी। लेकिन सांसदों के बीच थोड़ा भय का माहौल बन गया है और संसद सत्र को अनिश्चित काल के लिए स्थगित करने का दबाव भी बढ़ने लगा है।
दुष्यंत से लगभग ढ़ाई घंटे मिले टीएमसी नेता डेरेक
तृणमूल कांग्रेस के सदस्य डेरेक ने ट्वीट कर बताया कि वह दो दिन पहले दुष्यंत के पास लगभग ढ़ाई घंटे तक बैठे थे और अब वह खुद को अलग थलग कर रहे हैं। उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि सत्र को बरकरार रखकर वह जान खतरे में डाल रही है। उन्होंने तत्काल स्थगन की मांग की।
बता दें कि लखनऊ की रहने वाली बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर को कोरोना पॉजिटिव पाया गया है, जिसके बाद से हड़कंप मच गया है। उनको लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया और उनके माता-पिता को घर में ही क्वारंटाइन किया गया है। दरअसल, कनिका 15 मार्च को लंदन से लखनऊ आई थीं और इसके बाद शहर की कई हाईप्रोफाइल पार्टियों में शामिल हुईं।
ये भी पढ़ेंः Coronavirus: यूपी के विधायक ने खुद को किया को आइसोलेट, पढ़िए सिंगर कनिका कपूर से लिंक