कर्नाटक के मुख्यमंत्री येदियुरप्पा के आडियो को आज सुप्रीम कोर्ट में पेश करेगी कांग्रेस
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडू राव ने कहा कि कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा इस बात को मानते हैं कि यह उनकी आवाज है।
बेंगलुरु, प्रेट्र। कांग्रेस और जदएस के बागी विधायकों के संबंध में कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा के कथित आडियो को लेकर कांग्रेस सोमवार को सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाएगी। वहीं येदियुरप्पा ने कहा कि बागी विधायकों पर उनके बयान को कांग्रेस ने तोड़-मरोड़ कर पेश किया है। इस पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दिनेश गुंडू राव ने कहा कि यह भाजपा की आंतरिक बैठक थी और जिसने भी यह आडियो तैयार किया है, वह वहां मौजूद था।
येदियुरप्पा और शाह ने कांग्रेस-जदएस गठबंधन सरकार गिराने का षड्यंत्र रचा था
राव ने कहा कि येदियुरप्पा इस बात को मानते हैं कि यह उनकी आवाज है, जिससे साबित होता है कि उन्होंने और गृह मंत्री अमित शाह ने राज्य की गठबंधन सरकार गिराने का षड्यंत्र रचा था। आडियो क्लिप से साफ है कि दलबदल विरोधी कानून को दरकिनार करते हुए भाजपा ने सरकार गिराने का असंवैधानिक काम किया है। ऐसे में हम इस मामले को लेकर सोमवार को सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और उसके संज्ञान में यह मामला लाएंगे। मुख्यमंत्री की स्वीकारोक्ति के बाद अब इस मामले में किसी सुबूत की कोई जरूरत नहीं रह गई है। ऐसे में विधानसभा अध्यक्ष द्वारा बागी विधायकों को अयोग्य ठहराने का निर्णय बिल्कुल ठीक है।
क्या था आडियो क्लिप में
दरअसल, राज्य में कांग्रेस-जदएस गठबंधन सरकार गिराने में अहम भूमिका निभाने वाले 15 बागी विधायकों को भाजपा का टिकट देने के बारे में येदियुरप्पा का एक कथित आडियो सामने आया है। इसमें उन्हें यह कहते सुना जा रहा है कि बागी विधायकों को मुंबई में भाजपा अध्यक्ष अमित शाह की निगरानी में रखा गया था। इस दौरान वे उन पार्टी नेताओं की आलोचना भी करते हैं, जो इनको दोबारा टिकट का विरोध कर रहे हैं।
आडियो को लेकर सिद्दरमैया राज्यपाल से मिले थे
आडियो सामने आने के बाद शनिवार को पूर्व मुख्यमंत्री सिद्दरमैया के नेतृत्व में कांग्रेस का प्रतिनिधिमंडल राज्यपाल से मिला था और उनके माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन सौंपने के साथ ही राज्य की भाजपा सरकार को बर्खास्त करने की मांग की थी।