West Bengal Chunav 2021 : बंगाल में मिलकर चुनाव लड़ेंगे कांग्रेस और लेफ्ट, अधीर रंजन चौधरी ने किया एलान
West Bengal Chunav 2021 कांग्रेस और लेफ्ट एक साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chowdhury) ने गुरुवार को इस बात की घोषणा की।
नई दिल्ली, एएनआई। पश्चिम बंगाल में भाजपा और तृणमुल कांग्रेस के बीच जारी घमासान कांग्रेस और लेफ्ट एक साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ने का एलान कर दिया है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पश्चिम बंगाल इकाई के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी (Adhir Ranjan Chowdhury) ने गुरुवार को इस बात की घोषणा की। उन्होंने ट्वीट करके कहा कि आज कांग्रेस आलाकमान ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव में लेफ्ट पार्टियों के साथ चुनावी गठबंधन को औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है।
Congress party again has decided to fight against the TMC regime in alliance with Left parties: Congress MP Adhir Ranjan Chowdhury on West Bengal elections pic.twitter.com/8fdV3ZNdve
— ANI (@ANI) December 24, 2020
बंगाल में 2021 विधानसभा चुनाव को लेकर बीत दिनों पश्चिम बंगाल कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने कहा था कि बंगाल में ममता बनर्जी और बीजेपी दोनों को रोकने के लिए लेफ्ट और कांग्रेस में गठबंधन होना ही चाहिए। ऐसे में गुरुवार को कांग्रेस आलाकमान ने लेफ्ट पार्टियों के साथ चुनावी गठबंधन को औपचारिक मंजूरी दे दी।
बता दें कि अधीर रंजन चौधरी ही पार्टी के अध्यक्ष थे, जब साल 2016 में लेफ्ट और कांग्रेस ने एक साथ मिलकर विधानसभा चुनाव लड़ा था। हालांकि 2019 के लोकसभा चुनाव में काफी कोशिशों के बावजूद दोनों दलों के बीच गठबंधन नहीं हो सका था। पश्चिम बंगाल में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं। भाजपा ने भी यहां चुनाव के लिए पूरी ताकत झोंक रखी है।
भाजपा राज्य में प्रमुख विपक्षी दल
2019 के लोकसभा चुनाव में पहली बार भाजपा ने राज्य में मुख्य विपक्षी दल का दर्जा हासिल कर लिया। पार्टी ने ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए 42 में से 18 लोकसभा सीटें जीती थीं। 2014 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को मात्र 28 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त मिली थी, जबकि 2019 में 128 विधानसभा सीटों पर पार्टी आगे रही। उधर, साल 2014 में 214 क्षेत्रों में बढ़त हासिल करने वाली टीएमसी 2019 में 158 क्षेत्रों में ही आगे रही।
भाजपा लगातार बंगाल पर बना रही रणनीति
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह लगातार बंगाल पर रणनीति बना रहे हैं। 20 दिसंबर को बंगाल दौरे में उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा पर जिस तरह टीएमसी के कार्यकर्ताओं ने हमला किया था, उसकी भाजपा निंदा करती है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ताओं ने तय किया है कि हम हिंसा का जवाब लोकतांत्रिक तरीके से देंगे और आने वाले चुनाव में इस सरकार को हराकर दिखाएंगे। अमित शाह ने कहा कि भाजपा यहां से जीतती है तो बंगाल की मिट्टी से ही अगला मुख्यमंत्री होगा।