Move to Jagran APP

Karnataka By Polls: कर्नाटक में फिर से सरकार बनाने के लिए जेडीएस से हाथ मिलाने पर कांग्रेस को परहेज नहीं

वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि संविधान व लोकतंत्र की रक्षा और धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों के साथ सामाजिक न्याय उपलब्ध कराने के लिए हम जरूरी कदम उठाएंगे।

By Dhyanendra SinghEdited By: Published: Sun, 01 Dec 2019 11:55 PM (IST)Updated: Mon, 02 Dec 2019 12:02 AM (IST)
Karnataka By Polls:  कर्नाटक में फिर से सरकार बनाने के लिए जेडीएस से हाथ मिलाने पर कांग्रेस को परहेज नहीं
Karnataka By Polls: कर्नाटक में फिर से सरकार बनाने के लिए जेडीएस से हाथ मिलाने पर कांग्रेस को परहेज नहीं

बेंगलुरु, प्रेट्र। महाराष्ट्र में गठबंधन सरकार बनाने में कामयाब रही कांग्रेस की नजरें अब कर्नाटक में पांच दिसंबर को होने वाले उपचुनाव के नतीजों पर टिकी हैं। पार्टी ने संकेत दिए हैं कि उपचुनाव परिणाम आने के बाद भाजपा अगर बहुमत से दूर रहती है तो उसे जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) से हाथ मिलाने में कोई परहेज नहीं है। हालांकि, राज्य के मुख्यमंत्री व भाजपा नेता बीएस येदियुरप्पा ने जदएस से गठबंधन की अटकलों को खारिज करते हुए सभी 15 सीटों पर जीत का दावा किया है।

loksabha election banner

वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'संविधान व लोकतंत्र की रक्षा और धर्मनिरपेक्ष सिद्धांतों के साथ सामाजिक न्याय उपलब्ध कराने के लिए हम जरूरी कदम उठाएंगे। इसके लिए हम गठबंधन के साथी और संप्रग के घटक दलों से बात करेंगे।' यहां मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, 'देखते हैं भविष्य में क्या होता है.. हम सभी 15 सीटों पर जीतना चाहेंगे। हम नौ दिसंबर को आपके समक्ष सही तस्वीर पेश करेंगे.. आपको शुभ समाचार सुनाएंगे।'

उल्लेखनीय है कि भाजपा से पहले राज्य में 14 महीनों तक जेडीएस-कांग्रेस की सरकार रही थी। दोनों दलों के 17 विधायकों के बागी हो जाने के कारण जुलाई में राज्य की एचडी कुमारस्वामी सरकार गिर गई थी। इसके बाद दोनों दल अलग-अलग चुनाव लड़ रहे हैं। बहुमत के जादुई आंकड़े 224 तक पहुंचने के लिए राज्य की भाजपा सरकार को 15 में से छह सीटों पर जीत हासिल करनी होगी।

भाजपा के समर्थन से सांसद बनी एस. अंबरीश रहेंगी तटस्थ

भाजपा के समर्थन से राज्य की मांड्या लोकसभा सीट पर जीत दर्ज करने वाली एस. अंबरीश ने तटस्थ रहने की घोषणा कर दी है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में भाजपा ने खुलकर मेरा समर्थन किया, लेकिन कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी भरपूर सहयोग किया। ऐसे में वह किसी को नाराज नहीं कर सकतीं।

महाराष्ट्र में सरकार बनाना नहीं चाहती थीं सोनिया गांधी : खड़गे

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, 'महाराष्ट्र को देखिए, जहां शिवसेना, राकांपा व कांग्रेस सरकार गठन में सफल रहीं। हम आपको सच बताते हैं। हमारी अध्यक्ष (सोनिया गांधी) महाराष्ट्र में सरकार में शामिल नहीं होना चाहती थीं। वह चाहती थीं कि कांग्रेस विपक्ष में बैठे, लेकिन प्रगतिशील सोच वाली पार्टियों ने कहा कि हमें भाजपा को सत्ता से दूर रखना चाहिए।' पूर्व प्रदेश कांग्रेस प्रमुख व पूर्व उपमुख्यमंत्री जी. परमेश्वर ने भी कहा कि चुनाव बाद गठबंधन की संभावनाओं पर विचार किया जाना चाहिए।

येदियुरप्पा के पास 105 विधायक ..उनकी सरकार क्यों गिरेगी : देवेगौड़ा

उपचुनाव बाद कुछ कांग्रेस-जदएस विधायकों के भाजपा में शामिल होने वाली अटकलों पर जदएस सुप्रीमो एचडी देवेगौड़ा ने रविवार को कहा, 'येदियुरप्पा के पास 105 विधायक हैं.. उनकी सरकार क्यों गिरेगी..।' हालांकि, पूर्व में वह कांग्रेस से गठबंधन का संकेत देते हुए कह चुके हैं कि उपचुनाव परिणाम आने के बाद सोनिया गांधी की पहल को देखा जाना चाहिए। उनके बेटे एचडी कुमारस्वामी भी कह चुके हैं कि उपचुनाव बाद राज्य में स्थिर सरकार होगी।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.