महाराष्ट्र में कांग्रेस-राकांपा ने शिवसेना को समर्थन देने से किया इन्कार
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोरट और राकांपा प्रमुख शरद पवार ने शिवसेना को समर्थन देने की संभावना से इन्कार किया है।
मुंबई, प्रेट्र। महाराष्ट्र में भाजपा-शिवसेना गठबंधन की सरकार बनने की संभावना शुक्रवार को और मजबूत हो गई। कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने भाजपा को सत्ता से दूर रखने के लिए शिवसेना को सरकार बनाने के लिए समर्थन देने की संभावना को खारिज कर दिया।
किसी भी दल को नहीं मिला बहुमत
महाराष्ट्र की 288 सदस्यीय विधानसभा में भाजपा के 105 सदस्य हैं। शिवसेना के 56, राकांपा के 54 और कांग्रेस के सदस्यों की संख्या 44 है।
शिवसेना को समर्थन के लिए कांग्रेस का केंद्रीय नेतृत्व फैसला लेगा
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बालासाहेब थोरट ने शुक्रवार को यहां प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि उनकी पार्टी को जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका निभाने के लिए जनादेश मिला है। अगर शिवसेना समर्थन के लिए संपर्क करती है तो हम अपने केंद्रीय नेतृत्व से बात करेंगे और केंद्रीय नेतृत्व का फैसला ही अंतिम होगा।
शरद पवार ने शिवसेना को समर्थन देने से किया इन्कार
राकांपा प्रमुख शरद पवार ने भी शिवसेना को समर्थन देने की संभावना से इन्कार किया है। उन्होंने कहा कि लोगों ने हमें विपक्ष में बैठने के लिए जनादेश दिया है। हमारे मन में सरकार बनाने का विचार तक नहीं उठ रहा।