अहमद पटेल के निधन के बाद कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता पवन कुमार बंसल को दी बड़ी जिम्मेदारी, पार्टी का कोषाध्यक्ष बनाया
कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता पवन कुमार बंसल (Pawan Kumar Bansal) को तत्काल प्रभाव से पार्टी का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। इससे पहले दिवंगत नेता और पूर्व सांसद अहमद पटेल पार्टी के कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
नई दिल्ली, एजेंसियां। कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता पवन कुमार बंसल (Pawan Kumar Bansal) को तत्काल प्रभाव से पार्टी का कोषाध्यक्ष नियुक्त किया है। इससे पहले दिवंगत नेता और पूर्व सांसद अहमद पटेल पार्टी के कोषाध्यक्ष पद (AICC treasurer) की जिम्मेदारी संभाल रहे थे। पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी की ओर से बंसल को कोषाध्यक्ष पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पहले बंसल पार्टी प्रशासन के प्रभारी के तौर पर काम कर रहे थे।
बंसल पिछली कांग्रेस सरकार में अहम जिम्मेदारियां सभाल चुके हैं। पूर्व की यूपीए सरकार में उनको रेल मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली थी। कांग्रेस के दिग्गज रणनीतकार अहमद पटेल के निधन के बाद इस पर नजरें थी कि पार्टी कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी किसे सौंपती है। आखिरकार पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार को चंडीगढ़ से पूर्व सांसद रहे बंसल को अंतरिम कोषाध्यक्ष बनाने का फैसला किया।
कांग्रेस के दिग्गज नेताओं में शुमार बंसल पिछले काफी समय से हासिए पर चल रहे थे। लेकिन हाल ही में उनको पूर्व महासचिव मोतीलाल वोरा (Motilal Vora) की जगह पार्टी प्रशासन के प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई थी। अब कोषाध्यक्ष पद की अतिरिक्त जिम्मेदारी के मिलने के बाद उनका कद एकबार फिर चर्चा में आ गया है। पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि बंसल पार्टी कोषाध्यक्ष के रूप में तुरंत कार्यभार संभालेंगे।
बंसल पूर्व की मनमोहन सिंह सरकार में बतौर केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री, संसदीय मामलों के राज्यमंत्री, जल संसाधन मंत्रालय समेत तमाम विभागों में काम कर चुके हैं। यूपीए सरकार में बंसल को रेल मंत्री बनाया गया था लेकिन कथित रेल घोटाले के चलते उनको अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा था। कांग्रेस के कोषाध्यक्ष का पद पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार रहे अहमद पटेल के निधन के चलते खाली हुआ था। पटेल का 25 नवंबर को गुरुग्राम के एक अस्पताल में निधन हो गया था। पटेल कुछ हफ्ते पहले कोरोना पॉजिटिव पाए गए थे।