Coronavirus Lockdown: कांग्रेस नेता कमलनाथ ने CM शिवराज को लिखा पत्र, किसानों की आर्थिक मदद का किया आग्रह
कोरोना वायरस के कारण जारी लॉकडाउन का किसानों पर किसी तरह का कोई असर ना पड़े इसके लिए कमलनाथ ने शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखा है और उनसे मांग की है वह किसानों को पैसा दें।
भोपाल, एएनआइ। मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेता कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर किसानों को आने वाले दो महीनों तक हर माह प्रत्येक किसान को 7500 रुपये देने का आग्रह किया है, जिससे उन्हें राहत मिल सके। दरअसल, कोरोना वायरस के कारण पूरे देश को 21 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। ऐसे में किसानों पर इसका काफी प्रभाव पड़ सकता है।
जानकारी के लिए बता दें कि पूरे देश को 21 दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। दरअसल, देश में तेजी से कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या बढ़ रही थी। इसपर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने 25 मार्च से लेकर 14 अप्रैल तक पूरे देश को लॉकडाउन कर दिया है। यानी की इन दिनों तक कोई भी अपने घरों से बाहर नहीं निकल सकते हैं। ऐसे में किसानों को नुकसान होने की आशंका है।
बता दें कि स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 560 के पार पहुंच गई है। जिनमें से करीब 40 लोग ठीक भी हुए हैं। वहीं मरने वालों का आंकड़ा 15 के पार है। रॉयटर्स के मुताबिक दुनियाभर के करीब 200 देश इससे संक्रमित हैं। वायरस से अब तक दुनियाभर के करीब 4 लाख लोग संक्रमित हुए हैं। बता दें कि कोरोना वायरस का सबसे पहला मामला चीन के वुहान शहर में सामने आया था। इसके बाद से बाकी देशों में भी संक्रमित लोगों की संख्या में इजाफा होने लगा। हालांकि, अब लगभग सभी देशों ने अपनी सीमा को सील कर लिया है। ताकी वायरस का प्रसर रोका जा सकें।
वहीं, मध्यप्रदेश में हाल ही में बड़ा राजनीतिक उलटफेर हुए है। यहां कांग्रेस सरकार सत्ता से बाहर हो गई है। दरअसल, कांग्रेस के कद्दावर नेताओं में से एक ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पार्टी से पार्टी से इस्तीफ दे दिया था। उनके साथ बाकी विधायकों ने भी इस्तीफा दे दिया है। इसके बाद कांग्रेस सत्ता से बाहर हो गई और भाजपा ने फिर राज्य में अपनी सरकार बना ली। दरअसल, सिंधिया कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गए हैं।