बसपा के लिए छत्तीसगढ़ में छह सीटें छोड़ सकती है कांग्रेस
कांग्रेस छत्तीसगढ़ में छह सीटें बसपा के लिए छोड़ने पर विचार कर रही है।
रायपुर (जेएनएन)। साल 2019 में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए राजनीतिक पार्टियों की तैयारी जोर-शोर से शुरू हो गई है। छत्तीसगढ़ में 14 साल का वनवास पूरा करने के बाद कांग्रेस पार्टी अब सरकार बनाना चाहती है। इसके लिए संगठन स्तर पर जोर-शोर से काम चल रहा है।
वहीं आगामी चुनावों के मद्देनजर बहुजन समाज पार्टी के साथ मिलकर कांग्रेस तीन राज्यों में चुनाव लड़ सकती है। पार्टी सूत्रों से जानकारी मिल रही है कि कांग्रेस छत्तीसगढ़ में छह सीटें बसपा के लिए छोड़ने पर विचार कर रही है।
इसके साथ ही मध्यप्रदेश और राजस्थान में भी कांग्रेस-बसपा इसी नीति के तहत मिलकर चुनाव लड़ेंगे। इन सीटों को तय करने के लिए कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अशोक गहलोत और बसपा के राज्यसभा सदस्य सतीश मिश्रा के बीच अंतिम दौर की बातचीत चल रही है।
दोनों ही पार्टियां जल्द ही औपचारिक रूप से इसकी घोषणा कर सकती हैं। छत्तीसगढ़ में किन सीटों को कांग्रेस बसपा के लिए छोड़ेगी, इस पर अभी बातचीत चल रही है। बताया जा रहा है कि दोनों ही पार्टियों के कार्यकर्ता आगामी चुनाव में एक दूसरे के उम्मीदवारों के लिए प्रचार भी मिलकर करेंगे।