मध्य प्रदेश में राज्य सभा सीटों पर घमासान, कांग्रेस और भाजपा ने घोषित किए दो-दो प्रत्याशी
मध्य प्रदेश में तीन राज्यसभा सीटों को लेकर घमासान मचा है। भाजपा ने जहां दो प्रत्याशी घोषित किए वहीं कांग्रेस ने भी दो प्रत्याशियों का एलान करके मुकाबले को रोचक बना दिया है।
भोपाल, जेएनएन। मध्य प्रदेश में सत्ता के साथ ही तीन राज्यसभा सीटों को लेकर भी घमासान मचा हुआ है। भाजपा ने जहां दो प्रत्याशी घोषित किए, वहीं कांग्रेस ने भी दो प्रत्याशियों का एलान कर मुकाबले को रोचक बना दिया है। कांग्रेस ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह के अलावा फूल सिंह बरैया को प्रत्याशी बनाया है। इस बीच भाजपा ने मप्र से ज्योतिरादित्य सिंधिया के अलावा प्रो. सुमेर सिंह सोलंकी को राज्यसभा प्रत्याशी बनाकर चौंका दिया है। भाजपा के कई दिग्गज नेताओं के नाम दावेदारी में थे, लेकिन उनकी जगह युवा चेहरे को तवज्जो दी गई।
दिग्विजय ने साधा निशाना
पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने गुरुवार को नामांकन दाखिल कर दिया है। इसके बाद उन्होंने ज्योतिरादित्य सिंधिया पर जमकर तीर भी चलाए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिंधिया को राज्यसभा में भेज सकती थी, लेकिन केंद्रीय मंत्री तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ही बना सकते थे, इसलिए वे भाजपा के साथ हो गए। वह दोपहर सवा बारह बजे पत्नी अमृता राय के साथ विधानसभा पहुंचे व राज्यसभा चुनाव के रिटर्निग ऑफिसर व विधानसभा के प्रमुख सचिव एपी सिंह को नामांकन पत्र सौंपा। उनके साथ कई कांग्रेस नेता व मंत्री भी थे। इस दौरान सिंह ने कहा कि सिंधिया को कांग्रेस राज्यसभा भेजना चाहती थी, लेकिन उन्हें मेरे नाम पर आपत्ति थी।
सिंधिया को कई प्रस्ताव दिए थे
दिग्विजय सिंह ने कहा कि ज्योतिरादित्य सिंधिया लोकसभा चुनाव हारने के बाद व्यथित हो गए थे। उन्होंने कांग्रेस सरकार बनने के बाद सिंधिया को पार्टी द्वारा दिए गए प्रस्तावों के बारे बताया। सिंह ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस सरकार बनने के बाद सिंधिया को उप-मुख्यमंत्री पद का प्रस्ताव दिया गया था, लेकिन उन्होंने खुद डिप्टी सीएम बनने से इन्कार कर दिया। उन्होंने मंत्री तुलसीराम सिलावट को उप-मुख्यमंत्री बनवाने की कोशिश की। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा था कि आपके अलावा दूसरे किसी नेता को उपमुख्यमंत्री नहीं बना सकता। इसके बाद सिंधिया को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव दिया तो भी उन्होंने अपने समर्थक नेता को बनवाने के लिए नाम दे दिया था।
आज पर्चा दाखिल करेंगे सिंधिया व सोलंकी
भाजपा ने राज्यसभा की दूसरी सीट के लिए गुरवार को बड़वानी के डॉ. सुमेर सिंह सोलंकी को उम्मीदवार घोषित कर दिया। डॉ. सोलंकी संघ से जुड़े हैं और आदिवासी समुदाय से आते हैं। कांग्रेस से भाजपा में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया को पार्टी पहले ही उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। दोनों नेता शुक्रवार को पर्चे दाखिल करेंगे।
टिकट मिलते ही सोलंकी ने छोड़ी प्रोफेसर की नौकरी
बड़वानी के शहीद भीमा नायक पीजी कॉलेज में इतिहास के प्रो. डॉ. सुमेरसिंह सोलंकी ने भाजपा की ओर से राज्यसभा टिकट देने की सूचना मिलते ही ईमेल के जरिये नौकरी छोड़ दी। वे भाजपा के पूर्व सांसद मकनसिंह सोलंकी के भतीजे हैं। प्रो. सोलंकी ने दैनिक जागरण के सहयोगी प्रकाशन 'नईदुनिया' से चर्चा में कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, कें द्रीय व राज्य नेतृत्व ने मुझ पर जो विश्वास जताया है, मैं उस पर खरा उतरने के पूरे प्रयास करूंगा।
भोपाल पहुंचे सिंधिया का जोरदार स्वागत
भाजपा में शामिल होने के बाद गुरवार शाम पहली बार भोपाल पहुंचे पूर्व केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का राजा भोज एयरपोर्ट पर भाजपा के वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं व उनके समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। वे एयरपोर्ट से रैली के साथ भाजपा मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर एवं नेता प्रतिपक्ष गोपाल भार्गव भी थे।