Move to Jagran APP

सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कन्याओं के पैर धोकर की नवमी पूजा Gorakhpur News

गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में पूरे विधि-विधान से परंपरागत नवमी पूजन किया।

By Pradeep SrivastavaEdited By: Published: Mon, 07 Oct 2019 12:57 PM (IST)Updated: Mon, 07 Oct 2019 03:40 PM (IST)
सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कन्याओं के पैर धोकर की नवमी पूजा Gorakhpur News
सीएम योगी आदित्‍यनाथ ने कन्याओं के पैर धोकर की नवमी पूजा Gorakhpur News

गोरखपुर, जेएनएन। शारदीय नवरात्र की नवमी तिथि पर गोरक्षपीठाधीश्वर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यानाथ ने सोमवार को गोरखनाथ मंदिर में पूरे विधि-विधान से परंपरागत नवमी पूजन किया। एक घंटे चली पूजन प्रक्रिया में उन्होंने नौ कन्याओं और एक बटुक भैरव की वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा की और उन्हें अपने हाथ से भोजन कराया।

loksabha election banner

कन्या पूजन की शुरुआत पूर्व निर्धारित समयानुसार दोपहर 12 बजे  कन्याओं के पांव पखारने से हुई। योगी ने सबसे पहले बारी-बारी से मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की प्रतीक नौ कन्याओं और एक बटुक भैरव का पांव पखारा। उसके बाद टीका लगाकर चुनरी ओढ़ा कर उनकी आरती उतारी। पूजा अर्चना के बाद कन्या भोज कार्यक्रम शुरु हुआ। 

योगी आदित्यानाथ एक-एक कर सभी नौ कन्याओं और बटुक भैरव के पास गए और उनकी थाली में अपने हाथ से भोजन परोसा। इसी क्रम में उन्होंने पूजन कक्ष में मौजूद अन्य कन्याओं को भी पूरी श्रद्धा के साथ भोजन कराया। योगी आदित्यानाथ ने सभी कन्याओं को अपने हाथ से दक्षिणा और उपहार देकर सम्मानपूर्वक विदाई भी की। इसी के साथ गोरखनाथ मंदिर में गोरक्षपीठाधीश्वर के हाथों होने वाली नवमी की पारंपरिक कन्या पूजन प्रक्रिया संपन्न हो गई। 

कन्या पूजन से पहले ब्रह्म मुहूर्त में सुबह चार बजे योगी ने श्रीदुर्गा सप्तशती के पाठ और आरती के साथ मंदिर में देवी के नौवें स्वरूप मां सिद्धिदात्री की आराधना की।

नारी पूजन हमारी परम्परा है। महानवमी के पावन पर्व पर मुख्यमंत्री और गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान के साथ कन्या पूजन कर इस परम्परा को नई ऊंचाइयां दीं। इसके साथ ही यह संदेश भी दिया कि नारियों के सम्मान और सुरक्षा का यह क्रम उनकी सरकार में जारी रहेगा। कन्या पूजन के बाद पत्रकार वार्ता में मुख्यमंत्री ने नारियों के हित में केंद्र और प्रदेश सरकार के उठाए गए तमाम कदमों का जिक्र भी इसी उद्देश्य से किया।

नारियों के सम्मान में गोरक्षपीठ में कन्या पूजन परम्परा रही है। गोरक्षपीठाधीश्वर के रूप में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस परम्परा को पूरे मनोयोग से निभाया। इस दौरान कन्याओं और योगी के चेहरे के भाव देखने वाला था। आसन पर बैठे योगी के सामने एक बड़ा परात (पीतल की बड़ी थाली) रखा था। जिसमें देवी स्वरूपा 9 कन्याएं और बटुक भैरव बारी-बारी से खड़े हुए। योगी ने पूरे श्रद्धापूर्वक सभी बच्चियों के पांव पखारे, उनके माथे पर तिलक लगाया, बनारसी चुनरी ओढ़ाई और मंत्रोच्चार के साथ उनकी आरती की। इसके साथ ही उन्होंने कन्याओं को दक्षिणा और वस्त्र भी भेंट किया।

कन्या भोज में उपस्थित मीनाक्षी राय, रागिनी राय और विजय लक्ष्मी अग्रवाल ने कहा कि हम यहां दूसरी बार कन्या भोज के लिए आये हैं। महाराज जी हमसे बहुत स्नेह करते हैं वो हमें दक्षिणा और कपड़े इत्यादि भी देते हैं। बच्चों ने कहा कि उन्हें महाराज जी से मिलकर बहुत अच्छा लगता है।

योगी आदित्यनाथ हर साल नवरात्रि में 9 दिनों का व्रत रखते हैं। पिछले 3 दिनों से गोरखपुर में हैं और तब से परम्परानुसार मठ के पहली मंजिल पर पूजन-हवन और देवी की उपासना कर रहे हैं। योगी मंगलवार को चार दिन बाद दशहरे के दिन मठ से नीचे उतरेंगे। इस क्रम में 9 बजे सुबह अन्य संतों एवं पुजारियों के साथ नाथ जी के विशिष्ट पूजन से अपने दिन की शुरुआत करेंगे। शाम 4 बजे वह अपने परम्परागत वेश-भूषा शोभायात्रा की शक्ल में मानसरोवर मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां पूजन अर्चन के बाद बगल के रामलीला मैदान में जाकर भगवान श्रीराम का तिलक कर मंदिर लौट आएंगे। कार्यक्रम का समापन देर रात तक चलने वाले सहभोज से होगा।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.