Video: सीएम शिवराज सिंह चौहान बोले, कमल नाथ सरकार में दलालों का अड्डा था मुख्यमंत्री सचिवालय
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कमल नाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार ने मध्य प्रदेश को कई साल पीछे कर दिया।
भोपाल, एएनआइ। मध्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट विस्तार होने के बाद सीएम शिवराज सिंह चौहान खुलकर कांग्रेस नेता कमल नाथ पर तीखी बयानबाजी कर रहे हैं। पूर्व की कमल नाथ सरकार का वर्णन करते हुए सीएम शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि वल्लभ भवन (मुख्यमंत्री सचिवालय) को दलालों का अड्डा बना दिया गया था। कमल नाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की सरकार ने मध्य प्रदेश को कई साल पीछे कर दिया है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि ये हम नहीं कांग्रेस के ही मंत्री उस समय कहते थे कि सरकार में रेत माफिया दिग्विजय सिंह... दारू माफिया जैसे डिपार्टमेंट बन गए थे कौन सा कौन डिपार्टमेंट ले जाएगा ये आपस में होड़ लगी हुई थी।
#WATCH Vallabh Bhavan ko dalalon ka adda bana diya tha. Madhya Pradesh ko kai saal peechhe kar diya...hum nahi kehte Congress ke mantri kehte the us samay, ret mafiya Digvijaya Singh... daru mafia, department bant gye the kaun sa kaun le jayega: MP CM Shivraj Singh Chouhan pic.twitter.com/K1ovDtGigN
— ANI (@ANI) July 10, 2020
मध्य प्रदेश में कैबिनेट विस्तार के बाद सीएम शिवराज चौहान लगातार कांग्रेस पर हमलावर हैं। इसके पहले मुख्यमंत्री ने कांग्रेस नेता कमल नाथ पर निशाना साधते हुए सवाल किया था कि क्या वह कोरोना संक्रमण (COVID 19) से लड़ने में सक्षम थे। वह कोरोना की तरह ही मध्य प्रदेश के लिए एक बड़ी समस्या बने हुए थे। हमने संकट का अच्छी तरह से मुकाबला किया। मुख्यमंत्री शिवराज चौहान और कमल नाथ के बीच तीखी बयानबाजी शुरू से ही चर्चा का विषय रही है।
कमल नाथ बोले, सौदे से बना शिवराज का मंत्रिमंडल
वहीं, मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमल नाथ ने हाल ही में भाजपा पर तंज कसते हुए कहा था कि शिवराज सिंह चौहान की सरकार सौदे से बनी, सौदे से मंत्रिमंडल बना और सौदे से ही विभाग बांटे जा रहे हैं। मध्य प्रदेश में 24 सीटों के लिए होने वाले उपचुनाव को लेकर कमल नाथ ने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता भोली है, मगर बहुत समझदार है। जनता जानती है कि कहां गद्दारी हुई और क्या सौदा हुआ है।