मंत्री सिंहदेव के ट्वीट के बाद छत्तीसगढ़ में ढाई-ढाई साल की सरकार के चर्चे फिर तेज
सिंहदेव ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से साथ दो साल पुराना मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शपथ ग्रहण समारोह का वीडियो पोस्ट किया है। इसमें राहुल के एक तरह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल तो दूसरी तरफ मंत्री ताम्रध्वज साहू खड़े हैं।
रायपुर, जेएनएन। छत्तीसगढ़ के स्वास्थ्य एवं पंचायत मंत्री टीएस सिंहदेव का एक ट्वीट प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर चर्चा का विषय बना हुआ है। बाबा के नाम से प्रसिद्ध सिंहदेव ने प्रदेश में कांग्रेस सरकार के दो साल पूरे होने पर एक वीडियो और एक तस्वीर पोस्ट की है। सिंहदेव के ट्वीट को ढाई-ढाई साल के फार्मूले की झलक के रूप में भी देखा जा रहा है। इंटरनेट मीडिया पर सिंहदेव समर्थक उनको मंत्री से ज्यादा महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिलने की बात कह रहे हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही ढाई-ढाई साल की सरकार को लेकर चर्चाएं उठीं थीं, तब मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा था कि पार्टी आलाकमान जो आदेश देगा, मैं वैसा करूंगा।
दरअसल, सिंहदेव ने कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी से साथ दो साल पुराना मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के शपथ ग्रहण समारोह का वीडियो पोस्ट किया है। इसमें राहुल के एक तरह मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, तो दूसरी तरफ मंत्री ताम्रध्वज साहू खड़े हैं। लेकिन, राहुल ने ताम्रध्वज के बगल में खड़े सिंहदेव का हाथ पकड़कर अपने पास किया है। वहीं, सिंहदेव ने जो तस्वीर पोस्ट की है, उसमें सीएम बघेल के बगल में ताम्रध्वज दिखाई दे रहे हैं। इस तस्वीर के अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं।
राजनीतिक प्रेक्षकों की मानें तो मुख्यमंत्री बनने के बाद बघेल के साथ ताम्रध्वज मजबूती से खड़े हैं, जबकि बाबा को जो जिम्मेदारी मिली, उसे पूरा करने की दिशा में वो अकेले निकल पड़े हैं। स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूत करना, खूबचंद बघेल स्वास्थ्य योजना, गरीबों का 20 लाख तक का मुफ्त इलाज और यूनिवर्सल हेल्थ स्कीम सिंहदेव की प्राथमिकता में हैं। कोरोना संकट में भी मुख्यमंत्री बघेल और सिंहदेव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बेहतर प्रदर्शन किया है। सिंहदेव की पोस्ट पर एक समर्थक ने टिप्पणी की है कि अगली बार बाबा की सरकार बनेगी। जनता के दिलों में बाबा हैं, भले ही उनको सत्ता नहीं मिली है। कोई उन्हें पराजित नहीं कर सकता है। गोविंद शर्मा ने ट्वीट किया-सरगुजा महाराज टीएस सिंहदेव, आपकी अद्वितीय प्रतिभा को यथोचित भूमिका और सर्वोच्च सम्मान मिले।