नड्डा ने चुनौती देते हुए कहा- राहुल गांधी सीएए पर 10 लाइन बोलकर तो दिखाएं
राहुल गांधी सिर्फ वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। नड्डा ने कांग्रेस नेतृत्व पर विरोध के नाम पर घडि़याली आंसू बहाने का आरोप लगाया।
नई दिल्ली, एजेंसियां। नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) को लेकर हो रहे विरोध प्रदर्शन के बीच भाजपा ने भी विपक्षी दलों के खिलाफ आक्रामक रवैया अख्तियार कर लिया है। शनिवार को गुवाहाटी में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सीएए के बारे में कुछ भी जानकारी नहीं है। उन्होंने कांग्रेस नेता को सीएए पर 10 लाइन बोलने की चुनौती तक दे डाली।
राहुल गांधी को कुछ भी पता नहीं
भाजपा के बूथ अध्यक्षों की रैली में नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी सीएए के बारे में 10 लाइन और वह इस कानून का क्यों विरोध कर रहे हैं, इसके बारे में दो लाइन तो बोलकर दिखाएं। नड्डा ने कहा कि राहुल गांधी को कुछ भी पता नहीं है।
राहुल गांधी सिर्फ वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं
राहुल गांधी कह रहे हैं कि सीएए लोगों का पासपोर्ट और आधार कार्ड छीन लेगा, जबकि, यह कानून कुछ लेता नहीं, बल्कि देता है। राहुल गांधी सिर्फ वोट बैंक की राजनीति कर रहे हैं। नड्डा ने कांग्रेस नेतृत्व पर विरोध के नाम पर घडि़याली आंसू बहाने का आरोप लगाया।
सीएए पर भ्रम दूर सरकार: राउत
सीएए के विरोध में जमात-ए-इस्लामिक-हिंद और अन्य संगठनों की ओर से आयोजित रैली में शामिल शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है कि वह सीएए को लेकर पैदा किए गए भ्रम को दूर करे। राउत ने कहा कि उनकी पार्टी सीएए के सख्त खिलाफ है।
सभी लोग सीएए के खिलाफ: आजाद
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद ने दावा किया कि देश का हर वर्ग सीएए के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि इस कानून ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। संसद में लगभग सभी दलों ने इसका विरोध किया था और सड़क पर भी बड़ी संख्या में लोग इसके खिलाफ उतर रहे हैं।
कलाकारों ने किया विरोध
मुंबई के आजाद मैदान में 18 कलाकारों के एक समूह ने पेंटिंग के जरिए सीएए का विरोध किया। सेकुलर मूवमेंट नामक समूह के कार्यकारी अध्यक्ष भारत शेलके ने कहा कि वो लोग सीएए और एनआरसी को खारिज करते हैं। ये दोनों देश के संविधान के खिलाफ है।
पुणे-हैदराबाद में विरोध प्रदर्शन
सीएए के विरोध में पुणे और हैदराबाद में शनिवार को विरोध प्रदर्शन हुए। पुणे के कोथरुड में सीएए के साथ ही एनआरसी और एनपीआर के खिलाप प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सीएए को रद करने की मांग की।
सीएए के समर्थन में लंदन में प्रदर्शन
लंदन के पार्लियामेंट स्क्वायर के सामने विभिन्न भारतीय संगठनों से जुड़े लोग जमा हुए और सीएए के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि सीएए लाकर भारत सरकार ने बहुत ही बेहतरीन काम किया है। यह कानून ला कर सरकार ने मानव कल्याण और मानव चिंता का प्रदर्शन किया है।
ब्रिटेन में सरकार पटेल मेमोरियल सोसाइटी के पूर्व अध्यक्ष प्रवीण पटेल ने भारत में सीएए के खिलाफ हो रहे विरोध को सबसे मूर्खतापूर्ण प्रदर्शन बताया।