चिदंबरम बोले, 31 दिसंबर तक हासिल नहीं हो पाएगा वयस्क आबादी को पहली डोज लगाने का लक्ष्य; धर्मेद्र प्रधान ने दिया जवाब
पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री चिदंबरम ने सरकार पर धीमी गति से कोरोना टीकाकरण करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि देश 31 दिसंबर तक 100 प्रतिशत वयस्क आबादी (94 करोड़ लोग) को टीके की पहली डोज लगाने के लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाएगा।
नई दिल्ली, प्रेट्र। देश में कोरोना टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने को लेकर केंद्र सरकार और मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस सोमवार को आपस में भिड़ गए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता पी. चिदंबरम ने टीके की अतिरिक्त डोज को लेकर भ्रम की स्थिति होने का आरोप लगाया तो केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेद्र प्रधान ने पलटवार करते हुए मुख्य विपक्षी पार्टी पर ही भ्रामक जानकारियां फैलाने का आरोप मढ़ दिया।
पूर्व केंद्रीय गृह मंत्री चिदंबरम ने सरकार पर धीमी गति से कोरोना टीकाकरण करने का आरोप लगाते हुए दावा किया कि देश 31 दिसंबर तक 100 प्रतिशत वयस्क आबादी (94 करोड़ लोग) को टीके की पहली डोज लगाने के लक्ष्य को हासिल नहीं कर पाएगा। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि सच का सामना कीजिए भले ही सरकार इसके लिए अनिच्छुक है। बहुत-बहुत बड़ी संख्या में लोगों को टीके की पहली डोज नहीं लग पाएगी। केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता प्रधान ने कांग्रेस नेताओं को नकारात्मक सोच वाले ऐसे व्यक्ति बताया जो घबराहट, डर और भ्रामक जानकारियां फैलाते हैं।
चिदंबरम ने यह भी आरोप लगाया कि अतिरिक्त डोज का प्रस्ताव भ्रम से भरा हुआ है। उन्होंने कहा, 'कोविशील्ड के लिए वैक्सीन की अतिरिक्त डोज किसकी है? मुझे उम्मीद है कि यह कोविशील्ड की एक और डोज नहीं है।' उन्होंने फाइजर और माडर्ना को लाइसेंस नहीं देने और उनकी अपर्याप्त उत्पादन व आपूर्ति पर भी सवाल खड़े किए।
कांग्रेस ने स्वदेशी टीके की सुरक्षा पर लोगों को गुमराह किया: धर्मेंद्र प्रधान
जवाब में प्रधान ने कहा, भारत के हर प्रगतिशील कदम पर कांग्रेस और उसके एक खास गुट का दुविधापूर्ण रुख कभी भी आश्चर्यचकित नहीं करता। पहले उन्होंने हमारे स्वदेशी टीके की सुरक्षा पर लोगों को गुमराह किया, टीकों को लेकर हिचक पैदा की और देश की सामूहिक क्षमता पर संदेह जताकर घबराहट का माहौल बनाया। अब जबकि भारत ओमिक्रोन वैरिएंट से प्रभावशाली तरीके से निपटने के लिए पूर्व उपाय कर रहा है तो गमले में खेती करने वाले किसान और नकारात्मक सोच वाले वो काम कर रहे हैं जिसमें वे माहिर हैं- जैसे घबराहट व डर फैलाना और भ्रामक जानकारियों का प्रसार करना।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कई विकसित देश उक्त टीकों पर निर्भर होने के बावजूद ओमिक्रोन संक्रमण का सामना कर रहे हैं। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, 'चिदंबरम जी, आपको याद दिला दूं कि यह कांग्रेस ही थी जिसने फायदे के लिए टीकों को बेचा। लोगों को बहकाने का आपका इरादा भारत को महामारी के खिलाफ लड़ाई से भटका नहीं पाएगा।'