Move to Jagran APP

By Election 2022: भाजपा ने सपा से छीनीं आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीटें, अन्‍य सीटों पर उप चुनाव के नतीजे

रविवार को तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव के परिणाम घोषित हो गए। इसमें भाजपा ने उप्र के रामपुर और आजमगढ़ की लोकसभा सीट सपा से छीन ली है। आजमगढ़ में भाजपा के दिनेश लाल यादव ने सपा के धर्मेंद्र यादव को हराया है।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Sun, 26 Jun 2022 08:50 PM (IST)Updated: Sun, 26 Jun 2022 09:25 PM (IST)
By Election 2022: भाजपा ने सपा से छीनीं आजमगढ़ और रामपुर लोकसभा सीटें, अन्‍य सीटों पर उप चुनाव के नतीजे
रविवार को तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव के परिणाम घोषित हो गए।

नई दिल्ली, जागरण टीम। रविवार को तीन लोकसभा और सात विधानसभा सीटों के उपचुनाव के परिणाम घोषित हो गए। इसमें भाजपा ने सपा के गढ़ माने जाने वाले उप्र के रामपुर और आजमगढ़ की लोकसभा सीट सपा से छीन ली है। आजमगढ़ में भाजपा के दिनेश लाल यादव ने सपा के धर्मेंद्र यादव को हराया है। वहीं रामपुर में सपा प्रत्याशी आसिम को भाजपा के घनश्याम यादव ने पराजित किया है।

loksabha election banner

पंजाब की संगरूर लोकसभा सीट से शिरोमणि अकाली दल (अमृतसर) के अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह जीते। सिमरनजीत ने यहां आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी को मात दी। विधानसभा उपचुनाव परिणामों में भाजपा ने त्रिपुरा में तीन और कांग्रेस ने एक सीट पर जीत हासिल की। झारखंड में कांग्रेस प्रत्याशी विजयीं रहीं। दिल्ली की राजेंद्र नगर विस सीट से आम आदमी पार्टी (आप) के दुर्गेश पाठक जीते हैं। आंध्र प्रदेश की अट्माकुर विस सीट से वाइएसआर कांग्रेस के मेकापाटि विक्रम रेड्डी ने जीत हासिल की। उप्र में भाजपा की जीत पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी है।

ढह गए सपा के दो किले : उप्र विधानसभा चुनाव में जीत के बाद सपा के महासचिव आजम खां के इस्तीफे से रिक्त हुई रामपुर और अध्यक्ष अखिलेश यादव के इस्तीफे से खाली हुई आजमगढ़ लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में भाजपा को जीत मिली है। रामपुर में सपा प्रत्याशी आसिम को 42192 मत से पराजित करके घनश्याम यादव ने आजम खां के लिए प्रतिष्ठापरक इस सीट पर भाजपा को जीत दिलाई। वहीं, आजमगढ़ में 8,679 वोटों से दिनेश लाल यादव ने सपा के धर्मेंद्र यादव को हराया। धर्मेद्र सपा अध्यक्ष के चचेरे भाई हैं।

बता दें, करीब साढ़े तीन माह पहले 10 मार्च को जब उप्र विधानसभा चुनाव के नतीजे सामने आए तो आजमगढ़ की सभी 10 सीटों पर सपा ने क्लीन स्वीप करते हुए जीत दर्ज की। तब भाजपा हतप्रभ थी। रविवार को जब आजमगढ़ लोकसभा उपचुनाव का परिणाम आया तो चौंकने की बारी सपा की थी। मुलायम परिवार के वर्चस्व वाली आजमगढ़ सीट पर भाजपा प्रत्याशी व भोजपुरी फिल्म अभिनेता दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' ने लोकसभा उपचुनाव में सपा प्रत्याशी व बदायूं के पूर्व सांसद धर्मेंद्र यादव को हरा दिया।

रामपुर में सपा प्रत्याशी आसिम राजा का मुकाबला दो बार विधान परिषद सदस्य रह चुके घनश्याम लोधी से था। लोधी को विधानसभा चुनाव के दौरान ही सपा ने पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने पर निष्कासित कर दिया था और वह भाजपा में शामिल हो गए थे। 33 राउंड में चली मतगणना में शुरुआती 18 राउंड तक सपा प्रत्याशी बढ़त बनाए रहे, इसके बाद भाजपा प्रत्याशी ने बढ़त बना ली। घनश्याम सिंह लोधी को 3,67,397 और आसिम राजा को 3,25,205 मत मिले।

आप की हैट्रिक : दिल्ली में राजेंद्र नगर विधानसभा सीट पर उपचुनाव में आप ने जीत की हैट्रिक लगाई है। उसके प्रत्याशी दुर्गेश पाठक ने 11 हजार 468 मतों से भाजपा प्रत्याशी राजेश भाटिया को शिकस्त दी। 2013 के पहले चुनाव में आप को यहां भाजपा से हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन 2015 और 2020 में उसने लगातार जीत दर्ज की। राघव चड्ढा के राज्यसभा सदस्य निर्वाचित होने के बाद रिक्त हुई इस सीट पर उपचुनाव हुआ था। रविवार को हुई मतगणना में दुर्गेश पाठक को जहां कुल 40 हजार 319 मत मिले। वहीं, भाजपा प्रत्याशी राजेश भाटिया 28 हजार 851 मत ही अपनी झोली में डाल पाए। कांग्रेस की प्रेमलता सहित अन्य 12 प्रत्याशियों की जमानत जब्त हो गई।

मांडर में कांग्रेस की नेहा जीतीं : मांडर विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की शिल्पी नेहा तिर्की ने भाजपा की गंगोत्री कुजूर को लगभग 23 हजार मतों से हराया है। नेहा निवर्तमान विधायक बंधु तिर्की की पुत्री है। आय से अधिक संपित्त के मामले में बंधु की सदस्यता रद कर दिए जाने के बाद मांडर में उपचुनाव कराया गया है।

परिणाम सात विधानसभा सीटें

राज्य-विस क्षेत्र-विजयी प्रत्याशी (पार्टी)

आंध्र प्रदेश-अट्माकुर- मेकापाटि विक्रम रेड्डी (वाइएसआर कांग्रेस)

झारखंड-मांडर-शिल्पी नेहा तिर्की (कांग्रेस)

दिल्ली-राजेंद्र नगर-दुर्गेश पाठक (आम आदमी पार्टी)

त्रिपुरा-अगरतला-सूदीप राय बर्मन (कांग्रेस)

त्रिपुरा-जुबराजनगर-मलिना देबनाथ (भाजपा)

त्रिपुरा- सुरमा-सपना दास पाल (भाजपा)

त्रिपुरा-टाउन बोरडोवाली-मणिक साहा (भाजपा)

तीन लोकसभा सीटें

राज्य-लोस क्षेत्र-विजयी प्रत्याशी (पार्टी)

पंजाब-संगरूर-सिमरनजीत सिंह मान (शिअद-अमृतसर)

उप्र-आजमगढ़-दिनेश लाल यादव निरहुआ (भाजपा)

उप्र-रामपुर-घनश्याम सिंह लोधी (भाजपा)


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.