कर्नाटक में पांच डिप्टी सीएम बना सकते हैं येदियुरप्पा, जानिए यह है कारण
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा पांच डिप्टी सीएम बनाना चाहते हैं। पहले से तीन डिप्टी सीएम हैं लेकिन वो और दो उप मुख्यमंत्री चाहते हैं।
नई दिल्ली, आइएएनएस। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा पांच डिप्टी सीएम बनाना चाहते हैं। पहले से तीन डिप्टी सीएम हैं लेकिन वो और दो उप मुख्यमंत्री चाहते हैं। यही नहीं, जिन बागियों की मदद से वो मुख्यमंत्री बने थे, उन्हें मंत्री बनाकर उनका कर्ज भी उतारना चाहते हैं। वह 11 बागियों को अपने मंत्रिमंडल में जगह देना चाहते हैं। माना जा रहा है कि इन्हीं सब वजहों से उन्होंने दिल्ली यात्रा को अगले हफ्ते तक के लिए टाल दी है, ताकि जब वहां जाएं तो पार्टी अध्यक्ष अमित शाह से अपने इन प्रस्तावों पर मुहर भी लगवाते आएं।
भाजपा अध्यक्ष से अगले हफ्ते की मुलाकात में लग सकती है मुहर
अगर पार्टी अध्यक्ष येदियुरप्पा को और दो डिप्टी सीएम बनाने की अनुमति दे देते हैं तो पांच उप मुख्यमंत्रियों वाला भाजपा शासित कर्नाटक पहला राज्य होगा। इससे पहले आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी ने पांच डिप्टी सीएम बनाए हैं।
कर्ज उतारने के लिए 11 बागियों को मंत्री बनाना चाहते हैं सीएम
येदियुरप्पा बागियों को उनके किए के लिए पुरस्कार देना चाहते हैं। इन बागियों के चलते ही वह पूर्व की कांग्रेस-जदएस सरकार को गिराने में सफल रहे थे और खुद मुख्यमंत्री बने थे। उपचुनाव में भाजपा ने इन बागियों को मैदान में उतारा था, जिनमें से 12 जीत कर भी आए हैं। अब इनमें से 11 को मंत्री बनाकर वो उनका कर्ज उतारना चाहते हैं।
अभी तीन डिप्टी सीएम हैं कार्यरत
इस साल अगस्त में येदियुरप्पा ने गोविंद मक्थप्पा कारजोल, अश्वत नारायण सीएन और लक्ष्मण संगप्पा सवादी को डिप्टी सीएम बनाया था। अब कहा जा रहा है कि जातिगत समीकरण साधने के लिए वो दो और डिप्टी सीएम नियुक्त करना चाहते हैं। ये लगभग तय माना जा रहा है कि दो में से एक डिप्टी सीएम अनुसूचित जनजाति का होगा।
पांच डिप्टी सीएम से 70 फीसद आबादी को देंगे प्रतिनिधित्व
येदियुरप्पा लिंगायत समुदाय से आते हैं। वह सभी प्रमुख जातियों को खुश कर अपना जनाधार भी बढ़ाना चाहते हैं। अगर दो में से एक एसटी और एक कुरुबा समुदाय का डिप्टी सीएम बन जाता है तो वह अपने पांच उप मुख्यमंत्रियों के जरिए ही राज्य की 70 फीसद आबादी को प्रतिनिधित्व दे देंगे।