Move to Jagran APP

भाजपा 24 मार्च और 26 मार्च को पूरे देश में विजय संकल्प सभा का आयोजन करेगी

चुनाव से पहले हो रही विजय संकल्प सभाओं के जरिए भाजपा पांच वर्षो का सरकार का लेखा जोखा देगी।

By Bhupendra SinghEdited By: Published: Sat, 23 Mar 2019 08:50 PM (IST)Updated: Sun, 24 Mar 2019 12:35 AM (IST)
भाजपा 24 मार्च और 26 मार्च को पूरे देश में विजय संकल्प सभा का आयोजन करेगी
भाजपा 24 मार्च और 26 मार्च को पूरे देश में विजय संकल्प सभा का आयोजन करेगी

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। भाजपा 24 मार्च और 26 मार्च को पूरे देश में प्रत्येक लोकसभा क्षेत्र में विजय संकल्प सभा का आयोजन करने जा रही है। इस कार्यक्रम के तहत भाजपा के सभी शीर्ष नेता अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों में जायेंगे। वे पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के बीच केंद्र सरकार के अब तक के किये गये कार्यो को जनता के समक्ष रखेंगे।

loksabha election banner

कार्यक्रम का उद्देश्य लोकसभा चुनाव के ठीक पहले कार्यकर्ताओं को उन मुद्दों की जानकारी देना है जिनके जरिये पार्टी सत्ता में वापसी की योजना बना रही है।

केंद्रीय मंत्री एवं भाजपा नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने आज यहा बताया कि भाजपा पूरे देश में 24 और 26 मार्च को विजय संकल्प सभा के माध्यम से 2019 लोकसभा चुनाव अभियान का शंखनाद करेगी। नकवी के अनुसार भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह समेत पार्टी के सभी शीर्ष नेता देश के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्रों में विजय संकल्प सभा को संबोधित करने जाएंगे।

कार्यक्रम के अनुसार अमित शाह 24 मार्च को आगरा और 26 मार्च को मुरादाबाद में विजय संकल्प सभा को संबोधित करेंगे। गृह मंत्री राजनाथ सिंह 24 मार्च को लखनऊ और 26 को दिल्ली में अपना संबोधन देंगे। इसके अलावा इस सूची में भाजपा के वरिष्ठ नेता नितिन गडकरी और सुषमा स्वराज, जेपी नड्डा, स्मृति ईरानी सरीखे नेता शामिल है।

मुख्तार अब्बास नकवी का 24 मार्च को रामपुर और 26 मार्च को अमरोहा जाना तय हुआ है। वहीं भाजपा के वरिष्ठ नेता अरुण जेटली दिल्ली में रहकर ही यहां के कार्यकर्ता का मनोबल बढ़ाने का काम करेंगे। देश भर में केंद्रीय नेतृत्व के अलावा संगठन में मजबूत पकड़ रखने वाले नेता भूपेन्द्र यादव को गांधीनगर भेजा जाना तय हुआ है, जहां वो आम जन को संबोधित करेंगे।

चुनाव से पहले हो रही विजय संकल्प सभाओं के जरिए भाजपा पांच वर्षो का सरकार का लेखा जोखा तो देगी। साथ ही रणनीति के तहत कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों द्वारा देश के सुरक्षा बलों के शौर्य और पराक्रम का अपमान करने की होड़ पर देश की जनता को आगाह करेगी। इसके बाद से पार्टी के सघन प्रचार अभियान का दौर भी शुरू हो जायेगा।

विजय संकल्प सभा का आयोजन इसी प्रचार रणनीति का एक हिस्सा है। इस कार्यक्रम की तरह केंद्र से लेकर बूथ स्तर तक प्रचार के लिए कई कार्यक्रम बनाये गये हैं। भाजपा ने पिछले चुनाव में बेहद आक्रमक प्रचार रणनीति अपनाया था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की लगातार हुई हाई टेक रैलियों के आलावा सोशल मीडिया के जबर्दस्त प्रयोग ने भाजपा को लीड लेने में मदद की थी और अंतत उसने बड़ी जीत हासिल की थी। पार्टी इस चुनाव में भी उसी तरह की प्रचार रणनीति को आगे बढ़ाते दिख रही है।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.