CAA पर राम माधव का विपक्ष पर हमला, बोले- 'वाटर-प्रूफ' घड़ियों की तरह ही विपक्ष 'नॉलेज-प्रूफ'
भाजपा नेता राम माधव ने कहा कि नागरिकता कानून का विरोध करने वाले विपक्षी दलों को इसको लेकर बिलकुल भी ज्ञान नहीं है।
हैदराबाद, पीटीआइ। भाजपा के वरिष्ठ नेता राम माधव (Ram Madhav) ने शुक्रवार को नागरिकता संसोधन कानून (Citizenship Amendment Act) को लेकर विपक्ष पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि कानून का विरोध करने वाले विपक्षी दलों को सीएए (CAA) का बिलकुल भी ज्ञान नहीं है। इस देश में नागरिकता प्राप्त करने के लिए कुछ नियम हैं, जिसके तहत कांग्रेस सुप्रीमो सोनिया गांधी और गायक अदनान सामी भारतीय नागरिक बने।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव ने उस्मानिया विश्वविद्यालय में नागरिकता कानून पर अपने संबोधन में कहा, 'जैसे हम अपने पहले के दिनों में वाटर-प्रूफ घड़ियां इस्तेमाल करते थें वैसे ही ये पार्टियां नॉलेज-प्रूफ हैं।' उन्होंने कहा कि सीएए का विरोध करने वाले दलों को अधिनियम के तथ्यों के बारे में पता ही नहीं है और ना ही वह तथ्यों को जानने का कोई प्रयास कर रहे हैं। विपक्ष सिर्फ लोगों को भ्रमित करने का प्रयास कर रहा है।
देश को विभाजित करने की कोशिश
भाजपा नेता ने आगे आरोप लगाया कि जो भी लोग या पार्टियां सीएए का विरोध कर रहे हैं वह देश को सांप्रदायिकता के आधार पर विभाजित करने की कोशिश कर रहे हैं, क्योंकि वह राजनीतिक मोर्चे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सामना नहीं कर सकते।
भारत में 44 लाख शरणार्थी
उन्होंने कहा कि संशोधित नागरिकता कानून पाकिस्तान, अफगानिस्तान और बांग्लादेश में धार्मिक उत्पीड़न का सामना करने वाले अल्पसंख्यकों को भारतीय नागरिकता प्रदान करता है। इस्लामिक राष्ट्र घोषित होने और उसके बाद के घटनाक्रमों के बाद बांग्लादेश से बड़ी संख्या में हिंदू, ईसाई, सिख, बौद्ध और पारसी समुदायों के शरणार्थियों भारत आए और पिछले कुछ दशकों से यहां रह रहे हैं। 1993 के अमेरिकी विदेश विभाग के आंकड़ों के अनुसार भारत में 44 लाख शरणार्थी हैं।
विपक्ष के बहकावे में न आएं
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने मुस्लिम समुदाय से अपील करते हुए कहा है कि वह विपक्षी दलों द्वारा चलाए जा रहे झूठ का शिकार न बने। सीएए मुसलमानों या किसी अन्य धर्म के खिलाफ नहीं है। उन्होंने कहा कि हमारे देश में अल्पसंख्यक समुदाय के कुछ लोग इस तरह के झूठे अभियान में बलि का बकरा बन गए हैं।