भाजपा ने कोविड-19 राहत पर जारी की रिपोर्ट, लोगों के बीच बांटे 19 करोड़ से ज्यादा भोजन के पैकेट
देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा होने के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को पांच करोड़ जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट मुहैया कराने का निर्देश दिया था।
नई दिल्ली, एएनआइ। कोविड-19 के खिलाफ जारी देशव्यापी संघर्ष में भाजपा ने अपने योगदान को लेकर रिपोर्ट जारी की है। पार्टी ने देशभर में जरूरतमंद लोगों के बीच 19.28 करोड़ भोजन के पैकेट बांटे।
पार्टी के अधिकृत आंकड़े के अनुसार, पांच करोड़ लोगों को भोजन के पैकेट मुहैया कराने का लक्ष्य रखा गया था। इसके मुकाबले पार्टी ने 19.28 करोड़ पैकेट बांटे। आंकड़े में बताया गया है कि पांच करोड़ मास्क बांटने का लक्ष्य रखा गया था। इसकी जगह पार्टी ने 5.2 करोड़ मास्क बांटे।
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कार्यकर्ताओं को दिया था निर्देश
इसके अलावा भाजपा ने करीब 4.86 करोड़ राशन किट का वितरण किया है। मार्च में देशव्यापी लॉकडाउन की घोषणा होने के बाद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को पांच करोड़ जरूरतमंदों को भोजन के पैकेट मुहैया कराने का निर्देश दिया था। कोविड-19 को फैलने से रोकने के लिए लागू लॉकडाउन से प्रभावित होने वालों की मदद के लिए देशभर के कम से कम 8.23 लाख पार्टी कार्यकर्ता जुटे हैं।
भारत में अभी कम नहीं हुआ कोरोना संकट
बता दें कि भारत में अभी कोरोना संकट कम नहीं हुआ है। देश में दिन पर दिन कोरोना के नए मामले सामने आ रहे हैं। देश की राजधानी दिल्ली समेत कई ऐसे राज्य हैं जहां कोरोना के बहुत ज्यादा मामले हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक देश में अब तक एक लाख 38 हजार से ज्यादा मामले मिले हैं और 4 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। देश में अब तक कुल 1,38,845 मामले सामने आए हैं। वहीं, देश में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 4021 हो गया है। फिलहाल 77,103 एक्टिव केस हैं। इस बीच भारत के लिए राहत की बात ये है कि देश में अब तक 57,721(41.57%) मरीज कोरोना से ठीक हो चुके हैं।