Move to Jagran APP

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कांग्रेस पर हमला, कहा- यूपीए सरकार में घोटाले हुए, मोदी राज में रक्षा क्षेत्र पर विशेष ध्यान

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा बोले मोदी सरकार में विभिन्न सीमाओं पर 72 परियोजनाएं पूरी होने की कगार हैं जबकि संप्रग के शासनकाल में इन परियोजनाओं पर कुछ काम नहीं हुआ।

By Arun Kumar SinghEdited By: Published: Sun, 26 Jul 2020 08:15 PM (IST)Updated: Mon, 27 Jul 2020 01:25 AM (IST)
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कांग्रेस पर हमला, कहा- यूपीए सरकार में घोटाले हुए, मोदी राज में रक्षा क्षेत्र पर विशेष ध्यान
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कांग्रेस पर हमला, कहा- यूपीए सरकार में घोटाले हुए, मोदी राज में रक्षा क्षेत्र पर विशेष ध्यान

नई दिल्ली, प्रेट्र। भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रविवार को कांग्रेस पर एक बार फिर निशाना साधा और कहा कि कांग्रेस के नेतृत्ववाली यूपीए सरकार भ्रष्टाचार में डूबी थी। यूपीए शासन काल में सिर्फ घोटाले हुए। उनमें देश की सुरक्षा चुनौतियों का सामना करने में राजनीतिक इच्छाशक्ति का अभाव था जबकि मोदी सरकार ने देश के सुरक्षा क्षेत्र पर सबसे ज्यादा ध्यान दिया। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नड्डा ने सशस्त्र बलों की कुर्बानियों को याद करते हुए कहा कि कारगिल युद्ध में विषम परिस्थितियों के बावजूद उन्होंने अपनी रणनीति और पराक्रम के कौशल से पाकिस्तान को परास्त किया था। 

prime article banner

यूपीए सरकार में घोटाले पर घोटाले होते चले गए

उन्होंने कहा कि सीमाओं की सुरक्षा के लिए सशस्त्र बलों ने जो कुर्बानियां दी हैं, देश उसे हमेशा याद रखेगा। सशस्त्र बलों के कल्याण के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हमेशा रक्षा क्षेत्र पर विशेष ध्यान दिया है। मोदी सरकार ने वन रैंक, वन पेंशन योजना को क्रियान्वित किया। विभिन्न सीमाओं पर 72 परियोजनाएं पूरी होने की कगार हैं, जबकि संप्रग के शासनकाल में इन परियोजनाओं पर कुछ काम नहीं हुआ। उन्होंने कहा, घोटाले पर घोटाले होते चले गए। कोई राजनीतिक इच्छाशक्ति नहीं थी। 

देश के सैनिकों के साथ प्रधानमंत्री हरकदम पर खड़े हैं 

चीन के साथ सीमा पर चल रहे गतिरोध के बीच प्रधानमंत्री मोदी के हालिया लेह दौरे का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि किस प्रकार प्रधानमंत्री मोदी फौज के मनोबल को बढ़ाए रखने के लिए प्रत्येक दिवाली सीमाओं पर सैनिकों के बीच मनाते हैं। यह संदेश है कि जो हमारी सीमाओं की सुरक्षा कर रहे होते हैं, जो हमारे प्रहरी सीमा पर खड़े हैं, उनके साथ देश का प्रधानमंत्री खड़ा है। यानी उनके साथ भारत की 130 करोड़ जनता खड़ी है। उन्होंने कहा, अभी हमने देखा लद्दाख गतिरोध के दौरान। खुद प्रधानमंत्री गए वहां। सारा दिन लगाया। मुलाकात की फौजी भाइयों से और उनकी हौसला अफजाई भी की। हमारे घायल सैनिकों से उनका भी हालचाल भी पूछा।

देश की सुरक्षा में तैनात सैनिकों पर देश को गर्व : अमित शाह

नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने देश की सीमा पर तैनात सैनिकों को असली हीरो बताते हुए कहा कि जिस तरह वे देश की सुरक्षा को लेकर समर्पित हैं उसको लेकर देश को गर्व है। देश के इन वीरों ने ही दुश्मनों को कारगिल पहाडि़यों से मार भगाया था। कारगिल विजय दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री ने ट्वीट किया, 'कारगिल विजय दिवस' भारतीय सेना के साहस और शौर्य का प्रतीक है। यह हमारे वीर जवानों का पराक्रम ही था जिसने पाकिस्तानी सेना को कारगिल की दुर्गम पहाडि़यों से खदेड़ कर युद्ध में विजय प्राप्त की और तिरंगा फहराया। भारतीय सेना की यह शौर्यगाथा आज भी हर भारतीय को गौरवान्वित करती है। हमारे वीर जवानों को नमन।'


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.
OK