संस्कृत बोलिए और रहिए डायबिटीज-कोलेस्ट्रॉल से दूर, सुर्खियों में BJP सांसद का बयान
केंद्रीय मंत्री प्रताप चंद्र सारंगी जिन्होंने बिल पर संस्कृत में बात की थी उन्होंने कहा था कि यह भाषा बहुत लचीली है और एक वाक्य को कई तरीकों से बोला जा सकता है।
नई दिल्ली, पीटीआइ। भाजपा सांसद गणेश सिंह ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका के एक शैक्षणिक संस्थान द्वारा किए गए एक शोध के अनुसार, हर रोज संस्कृत भाषा बोलने से इंसान डायबिटीज और कोलेस्ट्रॉल से दूर रहता है। वहीं, संस्कृत बोलने से नर्वस सिस्टम भी सुधरता है। मध्य प्रदेश के सतना से सांसद सिंह का यह दावा सु्र्खियों में बना हुआ है।
संस्कृत विश्वविद्यालयों के बिल पर एक बहस में भाग लेते हुए, उन्होंने यह दावा किया कि अमेरिकी अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (नासा) के एक शोध के अनुसार, अगर कंप्यूटर प्रोग्रामिंग संस्कृत में की जाती है, तो यह शानदार काम करेगी। सिंह ने कहा कि कुछ इस्लामी भाषाओं सहित दुनिया की 97 फीसद से अधिक भाषाएं संस्कृत पर आधारित हैं।
केंद्रीय मंत्री प्रताप चंद्र सारंगी, जिन्होंने बिल पर संस्कृत में बात की थी, उन्होंने कहा था कि यह भाषा बहुत लचीली है और एक वाक्य को कई तरीकों से बोला जा सकता है। उन्होंने कहा कि विभिन्न अंग्रेजी शब्दों को संस्कृत से लिया गया है, जिनमें Brother (भाई) और Cow (गाय) है। सारंगी ने कहा कि इस प्राचीन भाषा के प्रचार से किसी अन्य भाषा पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।