भाजपा ने नियुक्त किए कई राज्य प्रभारी, राधा मोहन सिंह को यूपी, भूपेंद्र यादव को गुजरात और बिहार की कमान, देखें पूरी लिस्ट
भूपेंद्र यादव को किसान मोर्चा अरुण सिंह को अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा दुष्यंत कुमार गौतम को महिला मोर्चा तरुण चुग को युवा मोर्चा डी. पुरंदेश्वरी को अल्पसंख्यक मोर्चा सीटी रवि को अनुसूचित जाति मोर्चा और दिलीप सैकिया को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है।
नई दिल्ली, प्रेट्र। भाजपा ने अपने संगठनात्मक ढांचे को और मजबूती देने के लिए विभिन्न प्रदेशों में प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त कर दिए हैं। आबादी के लिहाज से सबसे बड़े प्रदेश उत्तर प्रदेश के प्रभारी की कमान राधा मोहन सिंह को सौंपी गई है। उनकी सहायता के लिए तीन सह प्रभारी भी होंगे। इसी तरह मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र में भी दो-दो प्रभारी नियुक्त किए गए हैं। इसी तरह पार्टी ने सात मोर्चो के प्रभारी भी नियुक्त कर दिए हैं।
यह जानकारी देते हुए भाजपा के महासचिव और कार्यालय प्रभारी अरुण सिंह ने एक बयान में बताया कि पार्टी अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने संगठन को और धार देने के लिए प्रभारी और सह प्रभारी नियुक्त किए हैं।
इसके साथ भूपेंद्र यादव को किसान मोर्चा, अरुण सिंह को अन्य पिछड़ा वर्ग मोर्चा, दुष्यंत कुमार गौतम को महिला मोर्चा, तरुण चुग को युवा मोर्चा, डी. पुरंदेश्वरी को अल्पसंख्यक मोर्चा, सीटी रवि को अनुसूचित जाति मोर्चा और दिलीप सैकिया को अनुसूचित जनजाति मोर्चा का प्रभारी बनाया गया है।
जानकारी के अनुसार उप्र के प्रभारी राधा मोहन सिंह की मदद के लिए सुनील ओझा, सत्या कुमार और संजीव चौरसिया को सह प्रभारी बनाया गया है। मुरलीधर राव को मध्य प्रदेश का प्रभारी बनाया गया है। जबकि पंकजा मुंडे और विश्वेसर टुडू को सह प्रभारी बनाया गया है।
बंगाल की कमान कैलाश विजयवर्गीय के हाम में
जल्द ही चुनाव का सामना करने जा रहे बंगाल की कमान कैलाश विजयवर्गीय के हाथ में ही रहेगी। उनकी सहायता में अरविंद मेनन और अमित मालवीय सह प्रभारी की भूमिका में रहेंगे। महाराष्ट्र के प्रभारी सीटी रवि होंगे उनके साथ ओम प्रकाश धुर्वे और जयभान सिंह पवैया सह प्रभारी होंगे। बिहार का प्रभार भूपेंद्र यादव के पास ही रहेगा। उनके साथ हरीश द्विवेदी और अनुपम हाजरा सह प्रभारी की भूमिका में होंगे। झारखंड के प्रभारी दिलीप सैकिया और सह प्रभारी सुभाष सरकार होंगे। छत्तीसगढ़ की प्रभारी डी. पुरंदेश्वरी होंगी और सह प्रभारी नितिन नवीन होंगे।
इसी तरह हिमाचल के प्रभारी अविनाश राय खन्ना और सह प्रभारी संजय टंडन होंगे। जम्मू-कश्मीर में तरुण चुग प्रभारी और सह प्रभारी आशीष सूद होंगे। दिल्ली की जिम्मेदारी बैजयंत पांडा को सौंपी गई है डा. अलका गुर्जर सह प्रभारी होंगी। पंजाब में दुष्यंत कुमार गौतम प्रभारी और डा. नरेंद्र सिंह सह प्रभारी होंगे। राजस्थान के प्रभारी अरुण सिंह और सह प्रभारी डा. भारती बेन सियाल होंगी। हरियाणा का प्रभारी विनोद तावड़े को बनाया गया है जबकि अन्नपूर्णा देवी सह प्रभारी होंगी।