Move to Jagran APP

आरएसएस की तर्ज पर प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ता तैयार करने में जुटी भाजपा

मध्य प्रदेश जनसंघ के जमाने से ही उसका और भाजपा का गढ़ रहा है। 2018 के विधानसभा चुनाव में मिली मात के बाद पार्टी भले ही अब सत्ता में वापस आ गई है पर कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और निष्ठा के स्तर पर भी मजबूत बनी रहे।

By Sanjeev TiwariEdited By: Published: Thu, 19 Nov 2020 06:47 PM (IST)Updated: Thu, 19 Nov 2020 06:47 PM (IST)
आरएसएस की तर्ज पर प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ता तैयार करने में जुटी भाजपा
मध्य प्रदेश भाजपा कार्यकर्ताओं की फाइल फोटो

 धनंजय प्रताप सिंह, भोपाल। भाजपा अब राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की तर्ज पर अपने नए कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण देकर तैयार करेगी और उन्हें पार्टी के लिए समर्पित रहने की सीख देगी। मध्य प्रदेश जनसंघ के जमाने से ही उसका और भाजपा का गढ़ रहा है। 2018 के विधानसभा चुनाव में मिली मात के बाद पार्टी भले ही अब सत्ता में वापस आ गई है पर कार्यकर्ताओं की प्रतिबद्धता और निष्ठा के स्तर पर भी मजबूत बनी रहे, इसके लिए पार्टी अब कार्यकर्ताओं के लिए प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन प्रदेश भर में कर रही है।

loksabha election banner

लक्ष्य प्राप्ति के तत्काल बाद अगले मिशन पर काम शुरू 

इसका केंद्र संगठन की छोटी इकाई मंडल होगा। एक मंडल में चालीस युवाओं को रखा गया है। प्रदेश में भाजपा संगठन के 1080 मंडल हैं। भाजपा ने उपचुनाव में एक-एक बूथ पर काम किया। नतीजों से पहले समिति प्रभारियों की बैठक और उसके बाद सीमित जश्न के साथ ही सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी दिखाई गई। अब प्रदेश में प्रस्तावित नगरीय निकाय चुनाव से पहले ही जिला और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण की तैयारी है। दरअसल, यह कार्य संस्कृति आरएसएस में ही देखने को मिलती है। वहां लक्ष्य के लिए समय से पूर्व ही तैयारी और पूरी कार्ययोजना तैयार की जाती है। लक्ष्य प्राप्ति के तत्काल बाद अगले मिशन पर काम शुरू कर दिया जाता है। थिंक टैंक योजनाओं को मूर्त रूप देता है और प्रदेश भाजपा में यह सब होता अब साफ नजर आ रहा है।

चार हजार युवाओं को प्रशिक्षण दिए जाने की तैयारी

करीब चार हजार युवाओं को प्रशिक्षण दिए जाने की तैयारी है। प्रशिक्षण के लिए मास्टर ट्रेनर बनाए गए हैं और इनका भी प्रशिक्षण गुरवार से शुरू हो गया। इसमें संघ की पृष्ठभूमि से आए भाजपा के बड़े नेता प्रशिक्षण देंगे। जैसे, संगठन के बारे में संगठन महामंत्री, प्रशासन के बारे में मुख्यमंत्री या वरिष्ठ मंत्री प्रशिक्षण दे सकते हैं। ये मास्टर ट्रेनर मंडल स्तर पर प्रशिक्षण 25 नवंबर से शुरू कर देंगे। योजना यह है कि दिसंबर से पहले सारे मंडलों में प्रशिक्षण वर्ग आयोजित हो जाएं क्योंकि इसके बाद नगरीय निकाय चुनाव हो सकते हैं।

भाजपा कार्यकर्ताओं को ये बातें बताई जाएगी

पार्टी नेताओं का मानना है कि जो नए कार्यकर्ता भाजपा से जुड़े हैं। उन्हें पार्टी की रीति-नीति और आचार-व्यवहार से परिचित कराना प्रशिक्षण के माध्यम से ही संभव है। इसमें नए कार्यकर्ताओं को बताया जाएगा कि भाजपा कार्यकर्ता सिर्फ कुर्सी के लालच में या अन्य किसी उद्देश्य से राजनीति में नहीं आता है। बल्कि वह एक विशेष विचारधारा से प्रभावित होकर काम करता है। इसमें ढलने से लेकर जीवनमूल्य क्या होना चाहिए, समाज की उनसे अपेक्षा, उसके नैतिक चरित्र का क्या महत्व है, ये सारी बातें प्रशिक्षण वर्ग में बताई जाएंगी। तड़क-भड़क के दौर में कार्यकर्ताओं को किस तरह सादगी के साथ काम करना चाहिए, इसके बारे में भी बताया जाएगा।

भारतीय जनता पार्टी, कैडर आधारित संगठन है। हमने मंडल स्तर तक अपने कैडर को वैचारिक दृष्टि से बहुत पुष्ट किया है। हमारे आधारभूत कार्यकर्ताओं को, पार्टी के इतिहास, विचारधारा, नीतियों, सरकारों की कार्यप्रणाली और सैद्धांतिक अनुष्ठान की पूरी जानकारी हो,इसके लिए, समय-समय पर प्रशिक्षण वर्ग आयोजित किए जाते हैं। मौजूदा प्रशिक्षण भी इसी कड़ी में है।

-डॉ. दीपक विजयवर्गीय, मुख्य प्रवक्ता, मध्य प्रदेश भाजपा


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.