राज्यसभा चुनाव: भाजपा ने की कांग्रेस प्रत्याशी राठवा का नामांकन रद्द करने की मांग
पार्टी का आरोप है कि कांग्रेस प्रत्याशी नारायण भाई राठवा के नामांकन में कई अनियमितताएं हैं।
नई दिल्ली, (प्रेट्र)। भाजपा ने चुनाव आयोग से गुजरात में राज्यसभा चुनावों के लिए कांग्रेस प्रत्याशी नारायण भाई राठवा का नामांकन रद्द करने की मांग की है। पार्टी का आरोप है कि उनके नामांकन में कई अनियमितताएं हैं।
केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद, मुख्तार अब्बास नकवी और पीयूष गोयल समेत वरिष्ठ पार्टी नेताओं के एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार रात चुनाव आयोग जाकर राठवा और कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार पीके वालेरा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। नकवी ने बताया कि राठवा ने उनके खिलाफ दर्ज आपराधिक मामलों समेत कई जानकारियां छिपाई हैं। इसके अलावा उन्होंने आवश्यक अनापत्ति प्रमाणपत्र भी दाखिल नहीं किए हैं। इस शिकायत के जरिये भाजपा ने राज्यसभा चुनावों में एक बार फिर कांग्रेस को निशाना बनाया है। पिछले साल राज्यसभा चुनावों के दौरान भाजपा ने वरिष्ठ कांग्रेस नेता अहमद पटेल को निशाने पर लिया था। उस समय भाजपा और कांग्रेस दोनों ने ही चुनाव आयोग में शिकायत की थी। बाद में अहमद पटेल चुनाव जीत गए थे।
अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी करने में अनियमितता का आरोप
चुनाव आयोग में शिकायत से पहले भाजपा व्हिप सुरेश अंगाड़ी ने लोकसभा स्पीकर से भी शिकायत की थी। उन्होंने आरोप लगाया कि राठवा को कई अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी करने में जमकर अनियमितताएं बरती गईं। जांच की मांग करते हुए अंगाड़ी ने कहा कि सोमवार को उन्हें 40-50 मिनट के भीतर सात अनापत्ति प्रमाणपत्र जारी कर दिए गए। उन्होंने आश्चर्य जताते हुए कहा कि क्या इसके लिए कोई वेरीफिकेशन किया गया।
स्पीकर कार्यालय ने दिए जांच के आदेश
सूत्रों ने बताया कि स्पीकर कार्यालय ने इस मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं, गुजरात भाजपा अध्यक्ष जीतू वघानी ने आरोप लगाया कि लोकसभा सचिवालय ने राठवा को अनापत्ति प्रमाणपत्र सोमवार दोपहर 3.30 बजे जारी किए और एक घंटे बाद ही फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर उन्होंने (राठवा) नामांकन दाखिल कर दिया।
कांग्रेस बोली, आरोप आधारहीन
कांग्रेस ने भाजपा के आरोपों को आधारहीन बताते हुए खारिज कर दिया है। पार्टी ने दावा किया कि मंगलवार को पूरी जांच के बाद ही रिटर्निग ऑफीसर ने नामांकन पत्रों को स्वीकार किया है। कांग्रेस प्रवक्ता शक्ति सिंह गोहिल ने कहा कि भाजपा द्वारा उठाई गई आपत्तियां तथ्यहीन हैं। रिटर्निग ऑफीसर ने भाजपा की आपत्तियों को खारिज करके ही राठवा की उम्मीदवारी को मंजूरी दी है।
चार सीटों के लिए सात प्रत्याशी
मालूम हो कि गुजरात से राज्यसभा की चार सीटों के लिए सात उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किए हैं। भाजपा ने केंद्रीय मंत्री पुरुषोत्तम रूपाला, मनसुख मांडविया और पूर्व विधायक किरीट सिंह राणा को मैदान में उतारा है। इनके अलावा रजनीकांत पटेल भाजपा के डमी प्रत्याशी हैं। जबकि कांग्रेस ने नारायण भाई राठवा और अमीबेन ज्ञानिक को प्रत्याशी बनाया है। साथ ही कांग्रेस स्वतंत्र उम्मीदवार पीके वालेरा का समर्थन कर रही है। वालेरा प्रदेश कांग्रेस के महासचिव हैं।